अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतपाल सांगवान ने कहा कि यूरिया खाद के बैग का वजन कम करके पहले की अपेक्षा ज्यादा रेट बढ़ाकर प्रदेश की खट्टर सरकार ने किसानों के साथ अन्याय किया है। एक तरफ जहां एमएसपी के नाम पर किसानों से छलावा किया तो दूसरी तरफ खाद रेटों में बढ़ोतरी करके किसानों की कमर तोड़ दी है। सरकार के इस फैसले के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आंदोलन करेगी।
सतपाल सांगवान शनिवार को गांव डोहका मौजी व डोहका गांव में किसानों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान खेती के लिए पहले ही कर्ज नीचे दबा है और अब सरकार ने यूरिया का वजन कम करके व रेट बढ़ाकर किसानों के साथ छलावा कर रही है। एमएसपी के नाम पर चुनावी लालीपॉप थमाया गया है। आज दवाई, खाद, डीजल के रेट आसमान छू रहे हैं। सरकार की तरफ से फसलों का जो मूल्य तय किया गया है, वह कई वर्ष पहले किए गए सर्वे के आधार पर किया है। फसलों पर लागत मूल्य बहुत बढ़ गया है। सरकार को डॉ. स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करना चाहिए था। धान के समर्थन मूल्य में मामूली बढ़ोतरी करके किसान विरोधी होने का काम किया है। इस अवसर पर सरपंच जयलाल सिंह, पूर्व बीडीसी भूपेश, पूर्व सरपंच सूबे सिंह, रामौतार, समयपाल, ओम कुमार, हरद्वारी शर्मा, रमेश, राजेश पंच, पवन सोनी, जयपाल सांगवान, सुखबीर, वंशपाल व राजेंद्र शर्मा आदि उपस्थित थे।