लावारिस कुत्तों ने पांच गांवों के सात ग्रामीणों को काटा
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी (बौंदकलां)। क्षेत्र के गांवों में इन दिनों लावारिस कुत्तों को आतंक हैं। बुधवार को पांच गांवों के सात लोगों को लावारिस कुत्तों ने काट लिया। उपचार के लिए सातों को बौंदकलां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां इन्हें एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। घायलों में तीन, पांच व सात वर्षीय बच्चे भी शामिल हैं।
बुधवार को बाबा चांदूदास धाम के समीप ही एक पागल लावारिस कुत्ते ने रणकोली निवासी पांच वर्षीय तमन्ना को काट लिया। इसके बाद इसी कुत्ते ने बौंदखुर्द निवासी सात वर्षीय अंकित और बौंदकलां निवासी तीन वर्षीय हिंमाशु, 21 वर्षीय नरेश कुमार, पांच वर्षीय अजय के सिर को बुरी तरह से नोंच लिया। सामुदायिक केंद्र में तैनात चिकित्सक डॉ. संदीप कुमार ने गंभीर रूप से घायल बच्चों को सिर में एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए। इनके अलावा सांजरवास निवासी महिला गीता व भागवी निवासी नवीन कुएमारी को भी लावारिस कुत्तों ने काट लिया और इन्हें भी उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।