अमर उजाला ब्यूरो
बेरी(झज्जर)।
खाप पंचायतों के द्वारा लिए जाने वाले फैसलों को लेकर जिस प्रकार से उनकी छवि बनी हुई है, उससे बिल्कुल उलट तस्वीर शुक्रवार को गांव बेरी में आयोजित कादियान खाप के सम्मान समारोह में देखने को मिली। शुक्रवार को खाप के द्वारा अपने बेटे सत्यव्रत और बहू साक्षी मलिक को सम्मानित करने के लिए समारोह का आयोजन किया गया था। इसके साथ खाप के पहलवान सोमबीर व उनके पिता सुरेश पहलवान को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में कादियान खाप के बेटे सत्यव्रत कादियान की पत्नी अंतरराष्ट्रीय पहलवान साक्षी मलिक जींस और शर्ट में पहुंची। वहीं, खाप के कार्यक्रम में काफी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रही। जाट धर्मशाला में सर्वजातीय कादियान खाप ने तीनों पहलवानों को पगड़ी पहनाकर, गदा भेंटकर और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। कॉमनवेल्थ गेम्स में साक्षी मलिक व सोमबीर ने कुश्ती में भारत के लिए कांस्य पदक अर्जित किया था।
सेल्फी के लिए युवतियां उतावली दिखी
ओलंपिक मेडलिस्ट पहलवान साक्षी मलिक जब कार्यक्रम में पहुंची तो उनकी ससुराल दुबलधन से आई युवतियां उनके साथ सेल्फी के लिए उतावली नजर आई। युवतियों ने साक्षी मलिक के साथ खूब सेल्फियां ली। वहीं, इस दौरान पहलवान साक्षी मलिक ने किसी को नाराज नहीं किया और सेल्फी खिंचवाई। खाप द्वारा सम्मानित किए जाने पर साक्षी मलिक के चेहरे पर मुस्कान साफ नजर आई। वहीं, दुबलधन गांव से पहुंची महिलाओं ने साक्षी मलिक के साथ मुंह दिखाई की रस्म भी अदा की।
सोमबीर के पिता को भी किया सम्मानित
खाप की ओर से खिलाड़ियों के स्वागत के दौरान पहलवान सोमबीर के पिता हिंद केसरी सुरेश पहलवान को भी सम्मानित किया गया। सुरेश पहलवान ने भी अपने नाम कई खिताब किए हैं। सुरेश ने साल 1983 में रुस्तमें हिंद खिताब, भारत केसरी और 1984 में हिंद केसरी का खिताब अपने नाम किया था। सोमबीर ने कुश्ती के दांव पेंच अपने पिता के अखाड़े में सीखे हैं। ग्रामीण पहलवान सत्यव्रत, साक्षी मलिक और सोमबीर को बेरी पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यक्रम स्थल तक लेकर पहुंचे।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर केदार सिंह कादियान, रणधीर सिंह कादियान, कर्नल शेर सिंह, कैप्टन दिलबाग सिंह, बेरी व्यापार मंडल के प्रधान अत्तर सिंह कादियान, जितेंद्र रोहिल्ला, पूर्व पार्षद धर्मराज, पूर्व सरपंच पूर्ण सिंह, चेयरमैन करतार सिंह, जीत सिंह, राजेंद्र सिंह, कैप्टन राजेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।