आग लगने से दो एकड़ गेहूं की फसल जली
चरखी दादरी। जिले में दो अलग- अलग गांवों में आग लगने से दो एकड़ गेहूं की फसल व भूसा जल गया। दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। वीरवार को दिन के समय गांव इमलोटा में अचानक आग लगने से करीब चार एकड़ से ज्यादा में खेतों में खड़ा भूसा जल गया। इसी बीच आग तेजी से गेहूं की खड़ी फसल की ओर फैलने लगी। किसानों ने आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। आग पर काबू न पाते देख इसकी सूचना दादरी दमकल विभाग को दी। दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची तथा करीब दो घंटे से ज्यादा समय में आग पर काबू पाया जा सका।
दमकल विभाग से राजबीर सिंह ने बताया कि आग लगने की दूसरी घटना गांव छपार में हुई। यहां भी गेहूं के खेत में भूसा में आग लगी थी। लेकिन यह आग तेजी से साथ में बगल में खड़ी गेहूं की फसल में भी लग गई। तेज हवा के दवाब के चलते आग ने गेहूं की करीब दो एकड़ फसल को चपेट में ले लिया। खेतों में काम कर रहे किसानों ने आग को बुझाने की कोशिश की लेकिन इस पर काबू नहीं पाया जा सका। बाद में दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची तथा करीब ढाई घंटे में आग पर काबू पाया जा सका।