ग्रामीण चौकीदार सात मार्च को विधानसभा का घेराव करेंगे : रामअवतार
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
सात मार्च के पंचकूला प्रदर्शन को लेकर ग्रामीण चौकीदारों ने रविवार को गांवों में संपर्क अभियान चलाया। मंागें पूरी करवाए जाने को लेकर सात मार्च को पूरे प्रदेश से ग्रामीण चौकीदार पंचकूला में एकत्रित होकर विधानसभा का घेराव करेंगे। हरियाणा ग्रामीण चौकीदार सभा के जिला प्रधान राम अवतार, महासचिव चमनलाल, उपप्रधान वेदप्रकाश एवं राजकुमार ने रविवार को गांवों में जाकर चौकीदारों से इस प्रदर्शन में पहुुंचने की अपील की। जिला प्रधान ने कहा कि छह मार्च को जिले भर से ग्रामीण चौकीदार एवं सफाई कर्मी भिवानी रेलवे स्टेशन पर एकत्रित होंगे। सांय सात बजे एकता एक्सप्रेस के जरिए पंचकूला पहुंच कर सात मार्च को विधानसभा का घेराव करेंगे।
जिला प्रधान रामअवतार ने कहा कि बीजेपी सरकार ने 19 अक्टूबर 2016 को चौकीदारों को छतरी व साइकिल देने की घोषणा की थी। आज तक यह घोषणा लागू नहीं की जा सकी है। सरकार ने अब 60 वर्ष से अधिक आयु के चौकीदारों को उनकी सेवा से मुक्त कर दिया है। काफी चौकीदारों का मानदेय भी नहीं दिया जा रहा है।
ये हैं चौकीदारों की प्रमुख मांगें : 18 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने, चतुर्थ श्रेणी कर्मी का दर्जा देने, हरियाणा चौकीदार अधिनियम 2013 को रद्द करने, मुनादी भत्तों का तुरंत भुगतान करना, सेवामुक्ति के समय दो लाख का लाभ व पेंशन सुविधा देना प्रमुख रूप से शामिल है।