अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
हमें तुमसे प्यार कितना, ये हम नहीं जानते, मगर जी नहीं सकते, तुम्हारे बिना... सप्ताह भर का इंतजार खत्म। बुधवार को फुल एंड फाइनल वेलेंटाइन-डे रहा। 18वीं शताब्दी में संत वेलेंटाइन द्वारा दिए गए प्यार के संदेश को सारी दुनिया ने 14 फरवरी को वेलेंटाइन-डे के रूप में मनाने की मान्यता दी है।
बुधवार को महाशिवरात्रि के पर्व पर सरकारी छुट्टी रही। ऐसे में स्कूल व कॉलेज भी बंद रहे। इसके चलते किसी बहाने से युवक-युवतियां घर से बाहर आए और अपने दोस्तों के साथ प्यार का इजहार कर वेलेंटाइन-डे मनाया।
शाम के समय रही रेस्टोरेंटों में भीड़भाड़
शहर के रेस्टोरेंट व होटल दुल्हन की तरह सजे हुए नजर आए। सुबह से ही होटलों व रेस्टोरेंटों में युवा प्रेमी-प्रेमिकाओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। शाम होते-होते रेस्टोरेंटों में भीड़ बढ़ गई।
10 में मिलने वाला गुलाब मिला 30 रुपये में
सामान्य दिनों में 10 रुपये में बिकने वाला गुलाब का फूल वेलेंटाइन-डे पर 30 रुपये में बिका। गिफ्ट गैलरी व फूलों की दुकानों पर युवा प्रेमी व प्रेमिकाओं ने प्यार का इजहार करने के लिए लाल गुलाब के फूलों की जमकर खरीददारी की। वहीं, शहर के पार्कों व रेस्टोरेंटों में बुधवार को प्रेमी युगल भारी तादाद में नजर आए।
पुलिस भी रही चौकस
हिंदू संगठनों द्वारा वेलेंटाइन-डे के विरोध को देखते हुए शहर पुलिस भी चौकस नजर आई। पार्कों के आसपास सादी वर्दी में पुलिस तैनात रही। वहीं, शहर के होटलों व रेस्टोरेंटों पर भी पुलिस की नजर रही।