दाखिले देने की मांग को लेकर बहादुरगढ़ में प्रदर्शन करते अभिभावक।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। शिक्षा नियमावली 134ए के तहत प्रवेश परीक्षा में सफल हुए विद्यार्थियों को अलॉट हुए स्कूलों में दाखिला न मिलने के विरोध में अभिभावकों ने शहर में प्रदर्शन कर रोष जताया। प्रदर्शन दिल्ली-रोहतक रोड, मेन बाजार व किल्ला मोहल्ला होते हुए खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचा। यहां अभिभावकों ने रोष जताते हुए नारेबाजी की।
अभिभावकों को कहना है कि वह बच्चों के दाखिले की गुहार को लेकर एसडीएम से लेकर विधायक तक मिल चुके, मगर अभी तक दाखिला नहीं हो पाया है। ऐसे में उनकी परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ स्कूलों में तो सफल परीक्षार्थियों को जिनको स्कूल अलॉट हुए हैं उनमें बच्चों के दाखिले तक हो चुके हैं और कुछ स्कूल संचालक किसी न किसी तरह से बहानेबाजी बनाकर दाखिला देने में आनाकानी कर रहे हैं। अभिभावक अपने बच्चों को दाखिला दिलाने की मांग को लेकर स्कूलों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर भी काट रहे हैं, मगर उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे है। जिससे उन्हें अपने बच्चों के भविष्य की चिंता रही है।
अभिभावक पवन कुमार ने बताया कि लगभग सभी बच्चों के टीसी निकलवाए जा चुके हैं और बच्चे घर बैठे हैं। ऐसे में हम कहां जाएं यही नहीं समझ नहीं आ रहा। क्योंकि वह हर किसी के सामने अपना दुखड़ा रो चुके हैं, मगर कोई उनकी आवाज नहीं सुन रहा। उन्होंने बताया कि बच्चों के दाखिले की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है। ऐसे में उन्हें अब अपने बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही है। उन्होंने बताया कि दाखिला न होने की वजह से आज उन्हें शहर में प्रदर्शन करना पड़ा।