चरखी दादरी। रामनगर में किसानों का धरना वीरवार को भी जारी रहा। किसान एनएच 152 डी में अधिग्रहीत जमीन का प्रति एकड़ दो करोड़ मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। किसान 26 फरवरी से धरने पर लगातार डटे हैं। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता उनका धरना जारी रहेगा। इस विषय को लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ किसानों के शिष्टमंडल की बात भी हो चुकी है लेकिन बात सिरे नहीं चढ़ पा रही है।
किसान सेवा संघ जिला संयोजक विनोद मौड़ी ने कहा कि प्रशासन इस मामले में ढुलमुल रवैया अपना रहा है। प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया न आने से किसानों में रोष बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस सड़क मार्ग में कई किसानों की तो सारी जमीन ही चली जाएगी। ऐसे में इन किसानों के लिए आजीविका का संकट गहरा जाएगा। इसलिए सरकार को प्रति एकड़ दो करोड़ मुआवजा व सरकारी नौकरी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग के दोनो ओर किसानों के रास्ते का भी प्रबंध करना चाहिए।