अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। पुलवामा आतंकी हमले के रोष स्वरूप गांव बधवाना में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने पाकिस्तान का पुतला फूंका और नारेबाजी की गई। समुदाय के लोगों ने भारत सरकार से इस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिए जाने की मांग की। इससे पूर्व समाज के इन लोगों ने बधवाना स्थित मस्जिद में नमाज भी अता की।
गांव बधवाना स्थित मस्जिद के मौलवी सलीम के नेतृत्व में शुक्रवार को आठ गांवों से अल्पसंख्यक समुदाय के करीब 20 लोग एकत्र हुए और गांव में स्थित मस्जिद में नमाज अता दी। इस दौरान इन लोगों ने पुलवामा हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। तत्पश्चात बधवाना बस स्टैंड पर पहुंचकर पाकिस्तान का पुतला जलाया। इन लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की।
मस्जिद मौलवी सलीम खान ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पुलगावा में भारतीय जवानों पर हमला करना बेहद निंदनीय एवं कायरतापूर्ण कृत्य है। अल्पसंख्यक समुदाय इस घटना की कड़ी निंदा करता है और दु:ख की इस घड़ी में समाज के लोग शहीद जवानों के परिजनों के साथ हैं। मौलवी सलीम खान ने कहा कि मोदी सरकार को इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। देश के हिंदू -मुस्लिम भाइयों को एकजुट होकर पाकिस्तान को इस हमले का करार जवाब देना चाहिए। इस मौके पर जान मोहम्मद, फारुख अली, साधु खान, फतेह खान, रसीद खान व रफीक खान आदि मौजूद थे।