अच्छेज सरकारी स्कूल के बरामदे का लेंटर गिरा, हादसा टला
अमर उजाला ब्यूरो
बेरी। गांव अच्छेज में बने सीनियर सेकेंडरी स्कूल की इमारत खंडहर हालत में है। जिसे बीएंडआर विभाग द्वारा 2014 में कंडम घोषित कर दिया था। इसके बाद भी विभागी अधिकारियों की नींद नहीं टूटी। विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है और जिससे बच्चों और शिक्षकों को डर लगने लगा है कि बरसात के मौसम में किसी कमरे की छत गिर ना जाए। विद्यालय की इंचार्ज पूनम सोलंकी ने बताया कि स्कूल के खस्ता हाल की जानकारी से विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है और वर्ष 2014 में विभाग द्वारा स्कूल के भवन को कंडम भी घोषित कर दिया था उसके बाद भी भवन को तोड़ा नहीं जा रहा है। अब बुधवार रात को बरामदे की छत का लेंटर गिर गया और जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
अमर उजाला उठा चुका है मुद्दा
अच्छेज गांव के सरकारी स्कूल के खस्ता हालत होने का मामला अमर उजाला ने 13 जुलाई के अंक में प्रकाशित किया था और उसके बाद भी प्रशासन व विभाग के अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली और बुधवार रात को बरामदे की छत का लेंटर गिर गया और एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
बरामदे के आगे बंधे हैं तार, नो एंट्री का लगा है बोर्ड
इंचार्ज का कहना है कि बुधवार रात को जिस बरामदे की छत का लेंटर गिरा उस के आगे लोहे की तार बांध कर नो इंट्री का बोर्ड लगाया गया है। जिससे स्कूल टाइम में कोई विद्यार्थी बरामदे की ओर न जाएं। विभाग को चाहिए कि खस्ता हाल निर्माण को जल्द से जल्द तोड़ कर नए भवन का निर्माण शुरू कराया जाए।
वर्जन
अच्छेज गांव में स्कूल के बरामदे का जो लेंटर गिरा है वहां न तो बच्चों की क्लासें लगती हैं और पहले ही विभाग द्वारा तार बांध रखे हैं और नो एंट्री का बोर्ड लगा रखा है। अब तीन नए कमरों का निर्माण किया गया है, जिनमें बच्चों की क्लासें लगाई जा रही हैं। कुछ बच्चों को जल्द ही पहाड़ीपुर के स्कूल में शिफ्ट किया जाएगा। इमारत को बनाने के लिए नेशनल सॉयल टेस्टिंग कंपनी द्वारा स्कूल की मिट्टी की जांच की गई और जल्द खस्ता हालत भवन को बनवाया जाएगा।
- वीरेंद्र नारा, खंड शिक्षा अधिकारी बेरी