अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
दो दिनों तक क्षेत्र में तूफान की संभावना के चलते हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा की ओर से रविवार शाम को ही सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए थे, मगर क्षेत्र के गली मोहल्लों में रहे कुछ निजी स्कूलों ने विद्यार्थियों की छुट्टियां नहीं की और सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ाई। इससे जूनियर व सीनियर विद्यार्थी स्कूलों की ओर दौड़ लगाते नजर आए। इस बारे में अमर उजाला संवाददाता ने जब बहादुरगढ़ के खंड शिक्षा अधिकारी मदन चोपड़ा से बातचीत की तो उन्होंने स्कूल संचालक को स्कूल बंद करने के तुरंत आदेश देने की बात कही।
मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में तेज आंधी और तूफान की भविष्यवाणी की गई। इसके चलते प्रदेश के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा की ओर से सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए गए थे। अधिकतर निजी स्कूल तो बंद रहे। मगर शहर के गुरुनानक कालोनी और सेक्टर-2 के नजदीक स्थित निजी स्कूल आदेशों की अवहेलना करते दिखे। स्कूल में विद्यार्थी सुबह 8 बजे ही पहुंच गए थे। जब इस बारे में खंड शिक्षा अधिकारी मदन चोपड़ा को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने स्कूल को तुरंत बंद कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकारी आदेशों की अवहेलना किसी सूरत में नहीं होने दी जाएगी।
बीईओ के आदेश के बाद हुई बच्चों की छुट्टी
खंड शिक्षा अधिकारी मदन चोपड़ा ने कहा कि बहादुरगढ़ के अधिकतर स्कूल सरकारी आदेशों के बाद बंद थे। मगर एनआर स्कूल में छुट्टी नहीं की गई। उन्होंने स्कूल संचालक को स्कूल बंद करने के आदेश दिए, उसके बाद करीब 11 बजे बच्चों की छुट्टी कर दी गई। इस तरह अब 8 मई को भी स्कूल बंद रहेंगे। मगर सेंट थॉमस स्कूल लगातार खुला रहा।