अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
डीआरडीए भवन में सोमवार को कृषि मंत्री ओपी धनखड़ ने समस्याएं सुनने के लिए पंचायतों को बुलाया था। जनता दरबार में पंचायतों के कार्यों को लेकर अधिकारियों के टालमटोल वाले जवाब सुनकर मंत्री ओपी धनखड़ का पारा चढ़ गया। साढे़ तीन साल के कार्यकाल में पहली बार ऐसा हुआ है कि जब कृषि मंत्री ओपी धनखड़ जनता दरबार में अधिकारियों से खफा नजर आए हों। मंत्री धनखड़ ने इरिगेशन विभाग के एक्सईएन को झिड़कते हुए कहा कि नरमी बहोत हो ली, ईब एक्श लूंगा, चार्जशीट होगे तो इननै ए पकड़ कै लाओगे। मंत्री को अधिक गुस्सा इसलिए आया क्योंकि अधिकारी ने मंत्री से पूछ लिया कि किस गांव की समस्या के बारे में पूछ रहे हैं। वहीं एक्सईएन ने मंत्री से गांव का नाम सुनकर कह दिया कि थोड़ा विवाद है, बाकि वे जल्दी लाइन दबवा देंगे। इस पर जैतपुर गांव की पंचायत की ओर से कहा गया कि कोई विवाद नहीं है, अधिकारी झूठ बोल रहा है। बस फिर मंत्री गुस्सा हो गए और बोले कि तुम विधानसभा में नहीं हो, सही जवाब दो। इतने स्मार्ट जवाब देते हो, तुम्हें तो विधानसभा में होना चाहिए।
व्यायामशालाओं में बिजली-पानी रही कॉमन समस्या
बादली विधानसभा क्षेत्र के गांवों से आए पंचायत प्रतिनिधियों में से अधिकतर ने अपने गांवों में बनी व्यायामशालाओं में बिजली-पानी की समस्या को रखा। समस्या रखने वालों में सिकंदरपुर, जैतपुर, सुरेहती, जेटवाड़ा, खेड़ी जट्ट, गंगड़वा के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से शामिल रहे। मामले को लेकर अमर उजाला भी प्रमुखता से मुद्दा उठा चुका है कि व्यायामशालाओं का उद्घाटन पूरा निर्माण हुए बिना ही कर दिया गया। वहीं मंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी व्यायामशालाओं में जल्द वे बिजली-पानी की समस्या को खत्म करवाएंगे।
चोरियों को लेकर कुलाना चौकी स्टाफ की शिकायत
पाटौदा, अहरी, कोका के ग्रामीणों ने कुलाना चौकी स्टाफ की शिकायत देते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरियां हो रही हैं लेकिन चौकी का स्टाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। ग्रामीणों ने स्टाफ पर आरोप लगाया कि चौकी में जाते ही स्टाफ सदस्य कहते हैं कि बरामद तो कुछ होना नहीं है, इसलिए क्यों परेशान हो रहे हो। इस पर मंत्री ने चौकी इंचार्ज अमित को निर्देश दिए कि वे जल्द ही चोरियों को ट्रेस कर सुलझाएं। पाटौदा से 6 भैंस चोरी हो चुकी हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि साढे़ तीन साल में कभी चोरी नहीं हुई, अब हो रही हैं। इसलिए इनको तुरंत ट्रेस किया जाए।
जटवाड़ा में नहीं ट्रांसफार्मर पर हैंडल
जटवाड़ा गांव के ग्रामीणों ने मंत्री को शिकायत दी कि उनके गांव में लगे किसी भी ट्रांसफार्मर पर लाइन काटने वाला हैंडल नहीं लगा हुआ। जिसके चलते उन्हें छोटे-मोटे कार्य के लिए भी पॉवर हाउस में सूचना देनी पड़ती है। इस पर बिजली निगम के अधिकारी ने अजीब तर्क दिया कि अब आंधी का सीजन आ गया है, हम ही पीछे से सप्लाई रोक देंगे। अधिकारी का तर्क सुनते ही मंत्री सहित सभी लोग हंस पड़े। इसके बाद मंत्री ने गंभीर होते हुए ट्रांसफार्मरों पर लाइन कटर लगाने के निर्देश दिए।
फ्यूज के लिए रात को जगाते हैं ग्रामीण
चांदपुर गांव निवासी संदीप ने बताया कि उसके प्लॉट में करीब 20 वर्ष पूर्व बिजली निगम ने ट्रांसफार्मर लगा दिया। जिसके पोल लोहे के बने हुए हैं। कुछ साल बाद में उसने उस प्लॉट में मकान बनाकर रहना शुरू कर दिया। अब ट्रांसफार्मर उसके घर में आ गया है। लोग रात को फ्यूज लगाने के लिए उसके घर की कुंडी खड़काते हैं। ट्रांसफार्मर के करंट से उसकी एक भैंस भी मर चुकी है। निगम के पास गया तो उससे सवा लाख रुपये जमा करवाने के लिए कह रहे हैं। मंत्री ने समस्या सुनकर कहा कि तुरंत ट्रांसफार्मर को घर से बाहर किया जाए। अगर पैसे देने जरूरी हैं तो इसका भुगतान वे कर देंगे।
6 माह पूर्व किया टेंडर लेकिन लाइन नहीं दबी
गुभाना गांव के ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि जलघर व जोहड़ के लिए 6 माह पूर्व पाइप लाइन दबाने का टेंडर किया गया था लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं किया गया है। इस पर इरिगेशन के एक्सईएन ने बताया कि ठेकेदार ने कार्य करने से मना कर दिया व दूसरा कोई इस रेट पर कार्य नहीं कर सकता। जिसके चलते ऐसा हो रहा है। इस पर मंत्री ओपी धनखड़ ने कहा कि अगर ठेकेदार नहीं कर रहा तो विभाग से करवाईए। अधिकारियों ने कहा कि इसमें समय लगेगा। मंत्री ने कहा कि समय नहीं लगाना, जल्दी कार्रवाई करो।
-नर्सिंग छात्राओं ने भी रखा पक्ष
बीडीएम कालेज में चल रही परीक्षा के दौरान हुए विवाद को लेकर सनराइज नर्सिंग कालेज कासनी की छात्राएं भी मंत्री से मिली। छात्राओं ने मंत्री को बताया कि उनकी परीक्षा फिर से करवाई जाए तथा इस बार एग्जाम सेंटर पीजीआई को बनाया जाए। मंत्री ओपी धनखड़ ने छात्राओं की समस्या सुनते हुए कहा कि वे अखबारों में उनकी खबर पढ़ चुुके हैं। वे अधिकारियों से इस संबंध में बात करेंगे तथा सही जांच करवाएंगे। छात्राओं की समस्या को सही ढंग से निपटाने का प्रयास किया जाएगा।