सांसद ने प्रगतिशील किसानों को किया सम्मानित, फसलों के अवशेष न जलाने की दिलाई शपथ
चरखी दादरी। ग्राम स्वराज अभियान के तहत बुधवार को दादरी जिले के प्रत्येक खंड एवं कृषि विकास अधिकारी मुख्यालयों पर किसान कल्याण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। खंड स्तर पर 200 किसानों व गांव स्तर पर 50 किसानों को कृषि एवं पशुपालन, बागवानी, मत्स्य पालन आदि की जानकारियां दी गई। दादरी में कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद धर्मबीर सिंह ने की। कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कृषि एवं कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. प्रताप सिंह सभ्रवाल ने सभी किसानों को फसल अवशेष न जलाने की शपथ दिलाई।
कार्यशाला में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि सिंचाई योेजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जैविक खेती, बागवानी व फसल अवशेषों का प्राकृतिक प्रबंधन के बारे में विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई। कार्यशाला में किसानों को बीज, खाद, दवाई व मशीनों का उचित प्रयोग, सूक्ष्म सिंचाई, फसल निकालने के बाद अन्न व भूसे का उचित भंडारण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड की रिपोर्ट के आधार पर खाद का संतुलित प्रयोग, फसल विविधिकरण, कस्टम हायरिंग सेंटर के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान, गेहूं, धान व दलहन फसलों के बीज पर अनुदान की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में सांसद ने किसानों को क्षारीय भूमि, जोत का कम होना, फसल खरीद-बेच में बिचोलिया, विपणन कार्य का सुदृढ़करण, पानी की कमी व गिरता भू-जल स्तर, गांवों में लावारिस पशु, ठेकाप्रथा-किसान प्रणाली, पर्यावरण, भूसा प्रबंधन एवं खाद व दवाइयों के के बारे में बताया। उपनिदेशक डॉ. प्रताप सिंह सभ्रवाल ने कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही सभी स्कीमों के बारे में किसानों को अवगत कराया। उपमंडल कृषि अधिकारी चरखी दादरी डॉ. शमशेर सिंह दलाल ने विभिन्न विभागीय योजनाओं बारे बताया। इस अवसर पर सहायक कृषि अभियंता नसीब धनखड़, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. जितेंद्र मांगिया, अग्रणी बैंक प्रबंधक अनिल कुमार, डीडीएम सोहनलाल, जिला मत्स्य अधिकारी धर्मबीर शर्मा, पशुपालन विभाग से पशु चिकित्सक डॉ. महासिंह तथा कृषि विभाग से सेवानिवृत्त डॉ. राजेंद्र कौशिक ने भी कार्यशाला में किसानों को अपने अनुभव बताए।