अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
जिले के सभी उपमंडल व तहसील कार्यालयों में वर्ल्ड क्लास ई-दिशा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सुशील सारवान ने दी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उम्मीद है कि मई के अंत तक यह केंद्र जनता को समर्पित कर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने उक्त जानकारी मंगलवार शाम वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से ली।
अतिरिक्त उपायुक्त ने वीडियो कांफ्रेंस के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि ई-दिशा केंद्रों के माध्यम से लोगों को दी जाने वाली सुविधाएं विश्वस्तरीय माहौल के बीच आधुनिकतम एवं सरलीकरण के साथ उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का इस बात पर विशेष रूप से फोकस है कि रोजमर्रा के कार्यों में जो जटिलताएं आती हैं। उन्हें सरल किया जाएगा। यह परियोजना पब्लिक सर्विस डिलीवरी का सबसे बेहतर उदाहरण साबित होगा। हालांकि झज्जर में पहले से ही ई-दिशा केंद्र बेहतर वातावरण में कार्य कर रहा है लेकिन नई परियोजना से इसमें गुणवत्तापरक सुधार नजर आएगा।
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रोहित यादव, एसडीएम बहादुरगढ़ जगनिवास, सीटीएम एवं एसडीएम बेरी अश्विनी कुमार, सीएमजीजीए निषिता बनर्जी, एक्सईएन (पीडब्ल्यूडी) सुरेंद्र कुमार आदि अधिकारीगण उपस्थित रहे।