उपचुनाव में अमरजीत बने मौड़ी के सरपंच
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
जिले के गांव मौड़ी में रविवार को सरपंच पद के लिए उपचुनाव हुआ। चुनाव में कुल 1877 वोट पोल हुए। चुनाव में अमरजीत सिंह 388 मतों के अंतर से विजयी रहे। गांव में 2324 में से 1877 वोट पोल हुए। चुनाव शांतिपूर्वक हुआ।
गांव मौड़ी के पूर्व सरपंच ओमप्रकाश के निधन से सरपंच का पद काफी समय से रिक्त चला आ रहा था। रविवार को सरपंच का उपचुनाव हुआ। मतदान के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध थे। मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर सांय चार बजे तक हुआ। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदाताओं की लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई थी। दोपहर एक बजे तक 55 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ। उसके बाद मतदान में और तेजी आई। निर्धारित सांय चार बजे 80 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के तुरंत बाद मतों की गिनती का काम शुरू हुआ। चुनाव पर्यवेक्षक जयप्रकाश घणघस ने बताया कि गांव में कुल 2324 वोट में से 1877 वोट पोल हुए। विजयी उम्मीदवार अमरजीत सिंह को 919 वोट प्राप्त हुए। निकटतम प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार विनोद कुमार को 534 वोट मिले। प्रत्याशी संजय को 402 वोट व प्रत्याशी रमेश कुमार को मात्र पांच वोट प्राप्त मिले। इस प्रकार सामान्य वर्ग की इस सीट पर अमरजीत सिंह 385 मतों के अंतर से सरपंच चुने गए हैं। चुनाव के दौरान 17 मतदाताओं ने नोटा का भी इस्तेमाल किया। रिटर्निंग अधिकारी निरपाल सिंह ने बताया कि मतदान के दौरान 100 कर्मचारी और पुलिस जवान तैनात रहे। मतदान के लिए चार बूथ बनाए थे। उन्होंने बताया कि चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्वक हुआ।