अनुसूचित जाति राजकीय अध्यापक संघ की बैठक आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
हरियाणा अनुसूचित जाति राजकीय अध्यापक संघ जिला चरखी दादरी की बैठक रोज गार्डन में रविवार को आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता संघ के वरिष्ठ उपप्रधान राजकुमार पंवार ने की। संघ के जिला सचिव मास्टर तिलकराज कन्हेटिया ने मंच संचालन किया। उन्होंने कहा कि संघ 11 वर्ष पुरानी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है। इनमें प्रथम और द्वितीय श्रेणी में पदोन्नति में आरक्षण लागू करना, रोस्टर प्रणाली लागू करना, बैगलॉग कोटा विशेष भर्ती द्वारा पूरा करना, अनुसूचित जाति वर्गीय के कर्मचारियों का उत्पीड़न रोकना, ट्रांसफर पॉलिसी में सुधार करना और सभी कैप्ट-विकेंट पोस्ट खोलना आदि मुख्य मांगें हैं। संघ इसी कड़ी में अपनी मांगों को लेकर सभी जिलों में राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर सर्दी कालीन कैडर कैंपों का आयोजन कर रहा है ताकि लोगों को मांगों से अवगत करवाया जा सके। संघ के राज्य सह-कोषाध्यक्ष जसवंत कलियाणा ने बताया कि संघ शीघ्र ही राज्य सरकार के खिलाफ दलित विरोध आंदोलन चलाए जाने पर विचार कर रहा है। इसी कड़ी में यह जिला स्तर पर कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 26 दिसंबर को रामलीला मैदान नई दिल्ली में रैली का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर संघ के कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार घसौला ने बताया कि संघ का जनसंपर्क अभियान व सदस्यता अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इस अवसर पर खंड बौंद कलां की प्रधान ज्योति मोरवाल, जिला सलाहकार जयप्रकाश भोरिया, रजनीश, अनिल, सुखबीर, सुखदेव, कमल आदि ब्लॉकों के पदाधिकारी उपस्थित थे।