अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
गांव बामनोली के सरपंच अनूप सिंह की हत्या के मामले में उपायुक्त आरसी बिढ़ाण की ओर से सरपंचों की कमेटी व जांच अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में सरपंचों ने हत्याकांड के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। सरपंचों का कहना है कि हत्याकांड को एक पखवाड़ा बीत गया है मगर हत्यारों को गिरफ्तार करने की बात तो दूर, हत्या के कारणों का भी पता नहीं लग पाया है। उपायुक्त ने सरपंचों को मामले में अब तक की गई कार्रवाई से अवगत कराया और आरोपियों को गिरफ्तार करने और मामले का खुलासा करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। उपायुक्त के इस आश्वासन पर सरपंच शांत तो हो गए हैं लेकिन उन्होंने कहा कि अगर एक सप्ताह में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। बैठक में डीएसपी भगत राम, डीएसपी हंसराज व थाना प्रभारी ने सरपंचों को अब तक हुई कार्रवाई से अवगत कराया और आगे भी उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
उधर, इससे पहले झज्जर ब्लॉक के सरपंचों के प्रधान महाबीर नांदल ने बहादुरगढ़ ब्लॉक के सरपंचों की मांग का समर्थन किया और जल्द सरपंच अनूप सिंह की हत्या के आरोपियों को पकड़ने की मांग की। इस मौके पर प्रधान सतपाल मांडौठी, टोनी सरपंच कसार, बिल्लू निलौठी, अनिल शाहपुर, अशोक लुहारहेड़ी, अमित बादली, हुक्म सांखोल, अशोक कानौंदा आदि मौजूद रहे।
चौकी प्रभारियों को दिए आदेश, सरपंचों के कहने पर तुरंत हो कार्रवाई
उपायुक्त कार्यालय में हुई बैठक के दौरान सरपंचों ने बताया कि उनके क्षेत्र के चौकी प्रभारी भी मामले में ढील बरतते हैं। वे गांव में कोई भी मामला होने पर फोन करते रहते हैं लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। उपायुक्त ने तुरंत सभी चौकी प्रभारियों व थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे सरपंचों की ओर से जो भी बात रखी जाती है उसे हलके में ना लें। उनकी मांग पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
आवश्यकता अनुसार सरपंचों के बनाए जाएं गन लाइसेंस
बैठक में सरपंचों ने बताया कि क्षेत्र में पहले आसौदा के सरपंच रामबीर की हत्या, फिर छुड़ानी के सरपंच पर जानलेवा हमला और उसके बाद बामनोली के सरपंच अनूप सिंह हत्या कर दी गई। यहां के सरपंचों को बदमाशों ने निशाना बना लिया है। कुछ सरपंचों को धमकियां भी मिली हुई हैं। इसलिए कुछ सरपंचों ने बैठक में उपायुक्त से उनके हथियार के लाइसेंस बनाने की मांग की। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि जिन-जिन सरपंचों के साथ घटनाएं हुई हैं, उनके कागजी कार्रवाई के बाद लाइसेंस बनाने का आश्वासन दिया गया।
सीबीआई से जांच कराने की मांग पर उपायुक्त लिखेंगे सरकार को पत्र : सतपाल
बहादुरगढ़ ब्लॉक के सरपंचों के प्रधान सतपाल मांडोठी ने बताया कि उपायुक्त ने बैठक में एक सप्ताह का समय मांगा है। उपायुक्त ने मामले में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने तथा उचित कार्रवाई का भी आश्वासन दिया है। साथ ही मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग पर उपायुक्त ने सरकार को पत्र लिखने का आश्वासन दिया है।
हरसंभव मदद का दिया आश्वासन, जल्द पकड़ में आएंगे आरोपी : उपायुक्त
इस बारे में उपायुक्त आरसी बिढ़ाण ने बताया कि सरपंचों व अनूप सिंह के परिजनों को मामले में अब तक की गई कार्रवाई से अवगत करा दिया है। साथ ही हरसंभव मदद करने का भी आश्वासन दिया है। आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। अगर फिर भी सरपंच मामले की जांच सीबीआई से कराना चाहेंगे तो सरकार को इस बारे में पत्र लिख दिया जाएगा।
यह था मामला
बामनोली के सरपंच अनूप सिंह की 2 जून की शाम को ईंट भट्ठे से घर लौटते समय रास्ते में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप गांव के ही सुरेंद्र नामक युवक और उसके दो साथियों पर है। मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच को सौंपी जा चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मगर अब तक एक भी आरोपी गिरफ्तारी में नहीं आ सके हैं। साथ ही अब तक परिजनों को यह भी पता नहीं लग सका है कि अनूप सिंह की हत्या किन कारणों की वजह से हुई है।
सरपंच अनूप सिंह हत्याकांड : हत्यारोपियों को न पकड़े जाने पर सरपंचों में रोष
प्रशासन ने मांगा सप्ताहभर का समय, 2 जून को हुई थी हत्या
-बुधवार को सरपंचों ने सामूहिक रूप से दिया था इस्तीफा
-पुलिस अधिकारियों ने दिया जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी व हत्याकांड के खुलासे का आश्वासन