झज्जर। रोहतक जिले के रिटौली में बाबा गैंग और भाऊ गैंग के बीच हुई गैंगवार में मारे गए महराणा निवासी बारहवीं कक्षा के छात्र दीपांशु का शनिवार को सिविल अस्पताल में गठित बोर्ड से पुलिस निगरानी में पोस्टमार्टम कराया गय। वहीं घायल आसौदा निवासी रोहित उर्फ रेसको का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रोहित के पेट से गोली निकाल दी गई है और वह आईसीयू में भर्ती है। घायल रोहित हत्या के एक मामले में करीब 10 साल जेल की सजा काटने के बाद कुछ समय पहले ही बाहर आया था। उसकी सुरक्षा के लिए झज्जर पुलिस अस्पताल में तैनात की गई है।
झज्जर पुलिस ने इस मामले अब तक 13 संदिग्ध लोगों को पकड़ा है जिसमें से चार को रोहतक पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इन चार लोगों की प्राथमिक दृष्टि में संलिप्तता मिली है। वहीं बाकी 9 लोगों से पुलिस पूछताछ की जा रही है। हिरासत में लिए गए अधिकतर आरोपी आसौदा गांव के रहने वाले हैं जबकि कुछ अन्य जगहों से हैं।
इनको अस्पताल के सीसीटीवी व फोन काॅल के आधार पर पकड़ा गया है।
डीसीपी अमित दहिया ने बताया कि शुक्रवार रात को जिले के गांव बिरड़ माजरा से गैंगवार में प्रयोग की गई एक फ्रॉक्स गाड़ी को भी बरामद किया है। इसमें कुछ खून के निशान भी मिले हैं। साथ ही कुछ कारतूस भी बरामद किए गए हैं। गाड़ी रोहतक पुलिस को सौंप दी गई है।
इस मामले में रोहतक और झज्जर पुलिस की अलग-अलग 8 टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। जिस घर के बाहर गाड़ी मिली है उस घर के मालिक का एक मोबाइल भी पुलिस ने जब्त किया है क्योंकि मोबाइल में सीसीटीवी की फुटेज थी। वहीं मृतक दीपांशु की जेब से एक आईडी भी मिली है जिस पर साजिद अली लिखा हुआ है।
मृतक दीपांशु के पिता सोमबीर भिवानी रोडवेज डिपो में चालक के पद पर कार्यरत हैं।
झज्जर पुलिस ने की नाकाबंदी
जिले में पूरी नाकाबंदी की गई है। हर एक सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है ताकि बदमाशों को जल्दी पकड़ा जा सके। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है और गैंग से जुड़े लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
आसपास की बजाय 30 किलोमीटर दूर अस्पताल में हुए दाखिल
मामले में सबसे हैरानी की बात ये है कि गोली लगने के बाद आरोपी आसपास के अस्पतालों में जाने के बजाय 30 किलोमीटर दूर झज्जर के ऑस्कर अस्पताल पहुंचे। यहां पर दोनों आरोपियों को दाखिल कराया गया जहां दीपांशु को मृत घोषित कर दिया गया। रोहित के पेट से गोली निकाली गई।
अस्पताल के निदेशक को दूसरे गैंग से मिल चुकी धमकी
ऑस्कर अस्पताल के निदेशक व पूर्व विधायक नरेश बादली के पुत्र हर्ष शर्मा से एक नवंबर को रोहित गोदारा गैंग के नाम पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इसके बाद झज्जर पुलिस ने अस्पताल व हर्ष को सुरक्षा भी प्रदान की थी।
वर्जन
झज्जर और रोहतक पुलिस आपसी तालमेल के साथ काम कर रही है। अब तक 13 संदिग्धों को राउंडअप किया गया है जिसमें से चार को रोहतक पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपियों तक पहुंच बना ली जाएगी।
अमित दहिया, डीसीपी क्राइम
20jjrp19 - सिविल अस्पताल में चिकित्सकों से बात करते पुलिस कर्मचारी। संवाद
20jjrp19 - सिविल अस्पताल में चिकित्सकों से बात करते पुलिस कर्मचारी। संवाद
20jjrp19 - सिविल अस्पताल में चिकित्सकों से बात करते पुलिस कर्मचारी। संवाद
20jjrp19 - सिविल अस्पताल में चिकित्सकों से बात करते पुलिस कर्मचारी। संवाद
20jjrp19 - सिविल अस्पताल में चिकित्सकों से बात करते पुलिस कर्मचारी। संवाद