एसडीएम ने प्रदर्शनी वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
बेरी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 67-बेरी विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में ईवीएम-वीवीपैट के बारे में विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण के लिए विशेष अभियान शनिवार से शुरू हो गया। पहली मार्च तक चलने वाले इस अभियान के तहत एक विशेष प्रदर्शनी वाहन गांव-गांव जाकर मतदाताओं, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बीएलओ, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों व कर्मचारियों को ईवीएम-वीवीपैट के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। बेरी विधानसभा के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. राहुल नरवाल ने शनिवार की सुबह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर से ईवीएम जागरूकता के लिए प्रदर्शनी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि यह वाहन बेरी विधानसभा के सभी गांवों का दौरा करेगा। ईवीएम-वीवीपैट के बारे में इस अभियान के बारे में जानकारी दी जाएगी। निर्वाचन विभाग ने विशेष टोल फ्री नंबर 1950 भी जारी किया है। मतदाता सूची से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी इस टोल फ्री नंबर के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है। डॉ. राहुल नरवाल ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संजय जून के निर्देशानुसार ईवीएम-वीवीपैट से संबंधित विशेष प्रदर्शनी वाहन ने शनिवार को रावमावि गांव सिवाना, राउवि चिमनी, रावमावि ढराणा, राउवि बिसाहन, रावमावि गोच्छी, रावमावि शेरिया, रामावि लकड़िया, रावमावि धांदलान में विशेष प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि 67-बेरी विधानसभा के सभी मतदान केंद्रों पर शनिवार को विशेष कैंप भी आयोजित हुए। इन कैंप पर बीएलओज ने दिन भर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए लोगों को प्रेरित किया। वहीं लघु सचिवालय परिसर से प्रदर्शनी वाहन को रवाना करने के अवसर पर तहसीलदार बेरी सुदेश मेहरा, लेखाकार एसएन कौशिक, निर्वाचन कानूनगो रामनिवास, मास्टर ट्रेनर सुनील धनखड़ व प्रशांत सुहाग, सुपरवाइजर चांद सिंह, सतनारायण, राजेंद्र सिंह आदि भी उपस्थित रहें।
इन गांवों में प्रदर्शनी वाहन पहुंचेगा आज
ईवीएम-वीवीपैट विशेष जागरुकता अभियान के दूसरे दिन 24 फरवरी के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लेखाकार एसएन कौशिक ने बताया कि रविवार को रावमावि डीघल, रावमावि भंभेवा, राप्रापा दिमाना, राउवि गांगटान, रावमावि बरहाणा, राउवि भापड़ौदा, राउवि आसंडा, रावमावि रोहद में प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं 25 फरवरी को राउवि दहकौरा, रावमावि खरहर, रावमावि छारा, राउवि छोछी, रावमावि मदाना कलां, रामावि मदाना खुर्द, रावमावि बेरी, राप्रापा बाकरा में प्रशिक्षण दिया जाएगा।