अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
बाईपास स्थित सैनिक पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन समारोह प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों में देश के सैनिकों को राखी भेजने के लिए उत्साह दिखाई दिया। स्टूडेंट्स ने अपनी प्रतिभा दिखाते हुए बहुत ही बेहतरीन राखियां बनाई। इन बच्चों ने खासतौर से हरियाणा की ओर से बॉर्डर पर तैनात जवानों के लिए 201 फुट की राखी तैयार की है जिसको हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग के माध्यम से वाघा बॉर्डर पर तैनात देश के जवानों को सौंपा जाएगा। इसके साथ 101 फीट का संदेश पत्र भी जवानों के नाम भेजा जाएगा।
स्कूल के प्रिंसिपल बीएल भारद्वाज ने बताया की प्रतियोगिता के आयोजन के दौरान ही बच्चों ने अपना जज्बा दिखाते हुए बड़ी मेहनत से 201 फुट राखी और अन्य सुंदर राखियां तैयार की हैं जिसमें बच्चों की भावनाओं को साफ देखा सकता है। जवानों को भेजने के लिए बनाए गए 101 फुट लंबे फ्लैक्स संदेश पत्र में शहरवासी भी अपना संदेश लिख सकते हैं। संदेश लिखने के लिए बोर्ड को साढ़े 8 बजे से 10 बजे तक स्कूल परिसर में, 12 बजे से 2 बजे दिल्ली रोहतक रोड स्थित पीडब्लूडी रेस्ट हाउस में और 3 से 4 बजे तक बाल भवन सेक्टर 6 में संदेश लिखने के लिए इसे रखा जाएगा। रक्षाबंधन वाले दिन ही देश की रक्षा कर रहे जवानों को स्कूल के कुछ छात्र व अध्यापक 7 अगस्त को ही विशेष बस से रवाना होकर हरियाणा का प्रतिनिधत्व करते हुए वाघा बॉर्डर पर इस राखी को परेड के दौरान सैनिकों को समर्पित करेंगे।
इस दौरान स्कूल निदेशक भव्य भारद्वाज ने बच्चों को संबोधित करते हुए रक्षाबंधन पर्व के महत्व और सीमा पर तैनात जवानों के प्रति हमारे दायित्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा की विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई राखियां उन जवानों के हाथों में बंधेगी जो इस देश की रक्षा में दिन-रात लगे हुए हैं। ये प्यारा सा बंधन दुश्मनों से रक्षा करने में उनकी सहायता करेगा। इस मौके पर स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
उन्होंने बताया की इस राखी को बनाने में बच्चों 15 दिन लगे। इसको बनाने में किसी भी चाइनीज वस्तु का इस्तेमाल नहीं किया गया है। बच्चों ने देश की भावनाओं का ध्यान रखते हुए पारंपारिक चीजों का इस्तेमाल किया है।
हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य बाल कृष्ण गोयल ने बताया कि यह अपने आपमें ऐतिहासिक अवसर है जब इतनी सुंदर और विशाल राखी वाघा पहुंच कर हमारे सैनिकों का उत्साह बताएगी। साथ ही हरियाणा की तरफ से यह यादगार तोहफा बच्चों को सेना की ओर सेेे अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित और आकर्षित करेगा।
- राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के माध्यम से सौंपी जाएगी जवानों को
- बॉर्डर पर तैनात सैनिकों के लिए बच्चों ने तैयार की है राखी