अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। जिला में बाढ़ नियंत्रण उपायों की समीक्षा के लिए उपायुक्त आमना तस्नीम ने मंगलवार को लघु सचिवालय में बैठक ली। बैठक में जिला के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में बरसात के कारण संभावित जल भराव के क्षेत्रों में किए गए जल निकासी उपायों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जल निकासी के कार्य से संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। जिस स्थान पर बिजली से संचालित पंप सेट स्थापित किए गए हैं, वहां निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि नगरपालिका/नगरपरिषद, जनस्वास्थ और सिंचाई विभाग अपने जलनिकासी नालों व सीवरेज लाइनों की सफाई तथा निरीक्षण कार्य की रिपोर्ट राजस्व व आपदा प्रबंधन विभाग के पास भेजें। उपायुक्त ने सभी जल निकासी के लिए स्थापित किए गए सभी पंप सेटों को चालू हालात में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य में कहीं पर अड़चन आती है तो तुरंत अपने संबंधित एसडीएम के संज्ञान में मामले को लाएं।
उपायुक्त ने कहा कि रिहायशी क्षेत्रों में यह सुनिश्चित करें कि बरसात के बाद जल भराव की स्थिति उत्पन्न न हो। रिहायशी क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति पैदा होने से बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि शहरी निकाय विभाग ऐसे स्थानों की निशानदेही कर जलनिकासी के अतिरिक्त प्रबंध करें। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज व सिंचाई विभाग यह सुनिश्चित करें कि खड़ी फसलों में बरसाती पानी की निकासी तत्काल हो और किसानों को किसी प्रकार का नुकसान न हो। बैठक में एसडीएम प्रदीप कौशिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
- ड्रेन और जलनिकासी नालों की सफाई की निरीक्षण रिपोर्ट की तलब