नेपाल में पाखी ने कराटे में जीता गोल्ड
चरखी दादरी।
गांव रावलधी के राजकीय उच्च विद्यालय की सातवीं कक्षा की छात्रा पाखी ने नेपाल में संपन्न अंतरराष्ट्रीय इंडो-नेपाल गोजोरेयो कराटे चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम चमकाया है। मिडिल हैड सतवीर पूनिया व मुख्य अध्यापक जयप्रकाश भौरिया ने छात्रा को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
रावलधी गांव के सरपंच राजेश पोले ने बताया कि पाखी अंतरराष्ट्रीय कराटे में गोल्ड मेडल जीतने वाली गांव की पहली महिला खिलाड़ी है। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ी के अभिभावकों को भी बधाई दी है। उन्होंने बताया कि इससे पहले पाखी ने अनेक जिला व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं जीती हैं। पाखी ने इसका श्रेय अपने कोच राजेश तक्षक और गुरुजनों को दिया है। खंड शिक्षा अधिकारी कुलदीप फौगाट, पहलवान चांद, जयसिंह कोच, नवरत्न पांडे आदि ने पदक विजेता खिलाड़ी को बधाई दी है।