घर जाने से पहले खुशी का इजहार करते प्रवासी श्रमिक।
- फोटो : Jhjhar
झज्जर/बहादुरगढ़। कोरोना वैश्विक महामारी के दौर में लॉकडाउन की स्थिति में प्रवासी श्रमिकों को प्रदेश सरकार की ओर से उनके गृह जिलों में निर्धारित शेड्यूल अनुसार भेजा जा रहा है। मंगलवार को जिले से 35 बसों में 1210 प्रवासी श्रमिकों को उत्तरप्रदेश के शामली कलस्टर के लिए रवाना किया गया। डीसी जितेंद्र कुमार की ओर से अन्य राज्यों को जाने वाले प्रवासी श्रमिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए व्यवस्थित ढंग से संबंधित जिलाधीश से समन्यवय स्थापित करते हुए बस व ट्रेन से भेजने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। अपने गृह जिलों को जाने वाले प्रवासी श्रमिकों के चेहरे पर मुस्कान परिजनों से मिलने की साफ झलक रही थी और सभी ने प्रदेश सरकार और प्रशासन का आपदा की इस स्थिति में उनके सहयोगी बनने पर आभार भी जताया।
प्रवासी श्रमिकों को उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाने के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी एवं सीटीएम डॉ. सुभिता ढाका ने बताया कि मंगलवार को झज्जर से भेजे गए 1210 प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह जिलों में निशुल्क भेजा गया है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय झज्जर से उत्तर प्रदेश राज्य के शामली कलस्टर के लिए कुल 8 रोडवेज बसों में 245 प्रवासी श्रमिकों को एसडीएम झज्जर शिखा की देखरेख में भेजा गया है। साथ ही बहादुरगढ़ उपमंडल मुख्यालय से एसडीएम बहादुरगढ़ तरूण कुमार पावरिया की देखरेख में रोडवेज की 27 बसें 965 प्रवासी श्रमिकों को लेकर उत्तरप्रदेश के शामली कलस्टर के लिए रवाना हुई।
खाने के लिए सामग्री उपलब्ध कराते हुए किया रवाना
उन्होंने बताया कि सभी प्रवासी श्रमिकों को उनके गंतव्य के लिए रवाना करने से पूर्व थर्मल स्कै निंग सहित स्वास्थ्य जांच की गई और हर प्रवासी श्रमिक को मास्क प्रदान किया गया। साथ ही पानी की बोतल और बिस्कुट के पैकेट दिए गए। उन्होंने बताया कि झज्जर जिला से निर्धारित शेड्यूल अनुसार पंजीकृत प्रवासी श्रमिकों को भेजने के लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है और पूरी सजगता के साथ ट्रेन अथवा बस के माध्यम से पंजीकृत इच्छुक प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह जिलों के लिए रवाना किया जा रहा है।
झज्जर में एसडीएम शिखा की देखरेख में नगरपालिका सचिव अरुण नांदल, रेडक्रॉस सोसायटी सचिव प्रदीप कुमार सहित बहादुरगढ़ में एसडीएम तरुण पावरिया की उपस्थिति में बीडीपीओ बहादुरगढ़ रामफल, नायब तहसीलदार जगबीर सिंह, नगरपरिषद से एमई अमन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।