-फोटो 69 : दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे।
- फोटो : kathua
बहादुरगढ़। कटरा एक्सप्रेस-वे पर हरियाणा सीमा में 12 रेस्ट एरिया बनाए जाएंगे। इन पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। रेस्ट एरिया में पेट्रोल पंप, सीएनजी स्टेशन, रेस्टोरेंट, पार्क और झूले लगाए जाएंगे। वहीं, कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) पर कटरा एक्सप्रेस-वे के जुड़ाव को लेकर फ्लाईओवर तैयार हो गया है। इंटरचेंज का काम अंतिम चरण में चल रहा है।
हरियाणा सीमा में कटरा एक्सप्रेस-वे लगभग 135 किलोमीटर लंबा है। एक्सप्रेस-वे नवंबर 2024 में शुरू हो गया था। इस पर वाहन सरपट दौड़ रहे हैं। कटरा एक्सप्रेस-वे पर रेस्ट एरिया बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। एनएचएआई की ओर से जसौर खेड़ी से 34 किलोमीटर तक कटरा एक्सप्रेस वे के इस प्रोजेक्ट पर 1866 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है।
वहीं, केएमपी और कटरा एक्सप्रेस-वे निलौठी के पास जीरो पॉइंट पर इंटरचेंज का काम तेजी से चल रहा है। जल्द ही यह पूरा कर लिया जाएगा। डबल ट्रम्पेट इंटरचेंज का काम अभी अधूरा है। इंटरचेंज का निर्माण पूरा होने में अभी दो माह का समय और लग सकता है।
केएमपी से एक्सप्रेस-वे पर चढ़ने में लगेगा टोल
इंटरचेंज के लिए केएमपी से आवागमन करने वाले वाहनों से टोल वसूला जाएगा। इस कारण केएमपी से कटरा एक्सप्रेस वे आने व जाने वाले वाहनों के लिए टोल प्लाजा भी बनाया जाएगा। वहीं, कटरा एक्सप्रेस-वे के बजाय सीधा सफर करने वाले वाहनों के लिए केएमपी पर फ्लाईओवर बनकर तैयार हो गया है। यह प्रोजेक्ट 14 महीने की देरी से चल रहा है।
हरियाणा में 8 और पंजाब में 13 टोल बनेंगे
बता दें कि दिल्ली से कटरा तक एक्सप्रेस-वे की लंबाई करीब 650 किलोमीटर है। एक्सप्रेस-वे पर हरियाणा में 8 टोल तो पंजाब में 13 टोल प्लाजा बनाए जाएंगे। यह पूरा प्रोजेक्ट 40 हजार करोड़ का है। कुल दो फेज के 18 पैकेजों में इसका निर्माण हो रहा है। 31 दिसंबर 2025 व अप्रैल 2026 तक अधिकांश एक्सप्रेस-वे का काम दो चरणों में पूरा करने का लक्ष्य है।
-केएमपी से कटरा एक्सप्रेस-वे को जोड़ने का काम 30 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। एक्सप्रेस-वे पर रेस्ट हाउस बनाने का काम एक अन्य कंपनी को सौंप दिया गया है। जल्द काम शुरू होगा।
जगभूषण गर्ग, पीडी, एनएचएआई