अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। महिला महाविद्यालय झोझू कलां में एनएसएस कैंप का समापन समारोह आयोजित किया गया। समापन समारोह में डॉ. सुरेश मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में स्वीटी और प्रीती शर्मा को सर्वश्रेष्ठ स्वयं सेविका घोषित किया गया।
संस्था प्रधान एडवोकेट फतेह सिंह, उप प्रधान सूरजभान, कन्नी प्रधान सूरजभान, सरपंच दलबीर सिंह गांधी, राजेश सांगवान बतौर विशेष अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि डॉ. मलिक ने छात्राओं को समय और समाज के साथ मिलकर आगे बढ़ने को प्रेरित किया। उन्होंने देश का अच्छा नागरिक बनने, अपने सामाजिक तथा व्यक्तिगत व्यवहार को विकसित करने, जीवन में सही रास्ते पर चलकर अपनी मंजिल को प्राप्त करने की बात कही। उन्होंने बताया कि नकल के सहारे कभी किसी भी प्रतियोगिता को नहीं जीता जा सकता। उन्होंने छात्राओं को अपने दैनिक क्रियाकलापों में शारीरिक श्रम को भी शामिल करने के लिए प्रेरित किया जो स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभदायक है। संस्था निदेशक डॉ बीएम यादव ने छात्राओं के कैंप में किए गए प्रयासों की सराहना की। संस्था प्रधान एडवोकेट फतेह सिंह ने विद्यार्थी जीवन को कच्चे घड़े के समान बताया। शिविर के दौरान एनएसएस की पहली यूनिट में स्वीटी और द्वितीय यूनिट में प्रीती शर्मा को सर्वश्रेष्ठ स्वयं सेविका घोषित किया गया। इस दौरान स्वयं सेविकाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। डॉ. मंजू सांगवान व डॉ. सुमित्रा ने अतिथिगण का आभार जताया।