बहादुरगढ़। कबाड़ी बाजार में कई दिनों से सीवर ओवरफ्लो हो रहा था। व्यापारियों की इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया। इसके बाद अधिकारी हरकत में आए और मंगलवार से जन स्वास्थ्य विभाग ने सीवर सफाई व टूटी पाइप लाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। इससे व्यापारियों को गंदगी से निजात मिलेगी।
कबाड़ी बाजार में करीब पिछले 15 दिन से सीवर ओवर फ्लो हो रहा था। जिससे उसका बदबूदार गंदा पानी मार्केट के सड़क किनारे भर गया। पानी ने हाल इतना बुुरा कर रखा है कि दुकानों में कोई कस्टमर आने को तैयार नहीं है। व्यापारियों ने कई बार अधिकारियों से लिखित रूप से शिकायत की थी। इसके बाद भी विभाग ने सुनवाई नहीं की। अमर उजाला ने 10 मार्च के अंक में व्यापारियों की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद विभाग हरकत में आया। मंगलवार को अधिकारियों ने कर्मचारी लगाकर ओवर फ्लो सीवर की साफ-सफाई का काम शुरू किया। इसके साथ ही सड़क किनारे खोदकर लीकेज वाली जगह में ज्वाइंट लगाकर उसे ठीक करने का भी काम शुरू कर दिया है। जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन श्रीकिशन दहिया ने कहा कि समस्या का समाधान किया जा रहा है।
जनस्वास्थ्य विभाग ने दो कर्मचारी लगाकर सुबह से ही ओवर फ्लो सीवर के मरम्मत का काम शुरू कर दिया था। लीकेज मरम्मत का काम लगभग दो दिन में पूरा हो जाएगा। जिससे एक बार फिर कबाड़ी बाजार में रौनक लौटेगी। हमारी दुकानों के आसपास अगर साफ सफाई रहेगी तो हम भी स्वस्थ रहेंगे।
शेखर कुमार, प्रधान, मेन बाजार।