अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। सीबीएसई बारहवीं की परीक्षाएं 2 मार्च से शुरू हो रही हैं। वहीं दसवीं कक्षा की परीक्षा 7 मार्च से शुरू होगी। बारहवीं की परीक्षाओं का मुख्य विषयों में पहला पेपर अंग्रेजी का है। बहादुरगढ़ ब्लॉक में लगभग 18 हजार से अधिक विद्यार्थी बारहवीं की परीक्षा देंगे तो 22 हजार के आसपास दसवीं कक्षा के विद्यार्थी सीबीएसई की परीक्षा देंगे। बहादुरगढ़ में परीक्षाएं शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए प्रशासन की ओर से भी शुक्रवार को सभी तैयारियां पूरी कर ली गई। परीक्षाओं पर नजर रखने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 3 अप्रैल तक चलेंगी। जबकि दसवीं कक्षा की परीक्षाएं 29 मार्च को संपन्न होगी।
स्कूल यूनिफार्म में 10 बजे तक पहुंच जाएं केंद्र पर
पिछले वर्ष देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रश्नपत्र लीक होने की अफवाहों से सीबीएसई ने सबक लिया है और इस बार नियमों को सख्त किया है। इस बार यातायात जाम, केंद्र नहीं मिलने जैसे बहाने नहीं चलेंगे। परीक्षार्थियों को स्कूल यूनिफार्म में सुबह 10 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है।
नए चैप्टर की तैयारी के बजाय करें रिवीजन
परीक्षा की तैयारियों में जुटे विद्यार्थियों पर कक्षाओं में अच्छे अंक लाने का दबाव रहता है। शहर के सेक्टर-2 के नजदीक स्थित मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल के चेयरमैन राकेश कोच ने विद्यार्थियों को परीक्षा से एक दिन पहले परीक्षाओं की तैयारियों के कुछ महत्वपूर्ण टिप्स दिए। साथ ही उन्हें समय पर सोने और सही खान-पान लेने के लिए भी कहा। परीक्षाओं के दौरान कोई विद्यार्थी बीमार न हो जाए उन्हेें अपनी सेहत का भी विशेष ख्याल रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी किसी नए चैप्टर की तैयारी में न लगे और जितना पढ़ा है उसका रिवीजन करते रहें। प्रश्नपत्र मिलने के बाद 15 मिनट में उसे आराम से पढ़े। उसके बाद सबसे आसान प्रश्नों के उत्तर लिखना शुरू करें।
इन स्कूलों में बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
बहादुरगढ़ में जिन स्कूलों में सीबीएसई की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उनमें बराही रोड पर स्थित त्रिवेणी स्कूल, पटेल नगर के नजदीक स्थित सेंट थॉमस स्कूल, सेक्टर-2 के नजदीक स्थित माडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दिल्ली-रोहतक रोड पर स्थित बाल भारती स्कूल के अलावा एसआर सेंचुरी स्कूल का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षाओं में किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए स्कूल संचालकों की ओर से समस्त तैयारियां कर ली गई हैं।
सीबीएसई की बारहवीं की डेटशीट
तारीख विषय
2 मार्च अंग्रेजी
5 मार्च फिजिक्स
6 मार्च अकाउंटेंसी
7 मार्च जियोग्राफी
9 मार्च हिंदी
12 मार्च केमिस्ट्री
14 मार्च बिजनेस स्टडीज
15 मार्च बायोलॉजी
18 मार्च गणित
19 मार्च राजनीतिक विज्ञान
25 मार्च इतिहास
27 मार्च अर्थशास्त्र
30 मार्च फिजिकल एजुकेशन
2 अपै्रल कंप्यूटर साइंस
सीबीएसई की दसवीं की डेटशीट
तारीख विषय
7 मार्च गणित
13 मार्च साइंस
16 मार्च संस्कृत
19 मार्च हिंदी
23 मार्च अंग्रेजी
29 मार्च सोशल साइंस