अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। जम्मू-कश्मीर के बडगाम में चॉपर क्रैश में शहीद हुए गांव भदानी निवासी सार्जेंट विक्रांत सहरावत के पार्थिव शरीर को भारतीय वायु सेना की विशेष यूनिट लेकर पहुंची। जिनका शुक्रवार को उनके पैतृक गांव भदानी में अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। शहीद के पार्थिव शरीर को भारतीय वायु सेना व हरियाणा पुलिस की टुकड़ी ने अंतिम सलामी दी। शहीद की अंतिम यात्रा में विभिन्न संगठनों व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। शहीद विक्रांत के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि उनके डेढ़ वर्षीय पुत्र वरदान ने दी। वहीं स्क्वाड्रन लीडर सिद्घनाथ सिंह के नेतृत्व में श्रीनगर से एयर फोर्स की यूनिट भी अपने साथी की अंतिम यात्रा में शामिल होने गांव भदानी पहुंची।
महिलाओं ने की पुष्पवर्षा
भदानी गांव में जिस जगह शहीद विक्रांत सहरावत का अंतिम संस्कार किया गया, वहां भी करीब 300 महिलाएं पहुंची। जिन्होंने अंतिम संस्कार होने तक पाकिस्तान मुर्दाबाद व शहीद विक्रांत अमर रहे नारे लगाए। जैसे ही संस्कार स्थल पर पार्थिव शरीर लाया गया तो वहां मौजूद महिलाओं ने पुष्पवर्षा की।
इन्होंने दी श्रद्धांजलि
शहीद विक्रांत के अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री मनोहरलाल के अलावा वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि मंत्री ओपी धनखड़, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक गीता भुक्कल, डॉ. रघुबीर कादियान, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, पूर्व विधायक नरेश शर्मा, दिल्ली विधानसभा के पूर्व स्पीकर योगानंद शास्त्री, जेजेपी नेता बलवान सुहाग, कर्नल आरएस सुहाग, भाजपा जिला अध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, जिला परिषद के उपाध्यक्ष योगेश सिलानी, नपा चेयरमैन प्रतिनिधि उमेश नंदवानी, उपाध्यक्ष प्रवीण गर्ग, जेजेपी जिला प्रधान राकेश जाखड़, उपेंद्र कादियान, संजय कबलाना, भाजपा नेता मनीष बंसल, आनंद सागर व प्रशासन की ओर से रोहतक रेंज के आईजी संदीप खिरवार, उपायुक्त संजय जून, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, एसडीएम बेरी डॉ. राहुल नरवाल, एसडीएम झज्जर शिखा, सीटीएम अश्वनी कुमार, डीएसपी अजमेर सिंह, अशोक कुमार, जिला राजस्व अधिकारी मनबीर सांगवान ने श्रद्धांजलि दी।