बहादुरगढ़। रसोई गैस सिलिंडर के बढ़ते दामों व दिनोंदिन बढ़ रही महंगाई को लेकर मंगलवार को गांव दुल्हेड़ा में यूथ कांग्रेस की ओर से भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन यूथ कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी दीपक देशवाल की अगुवाई में हुआ। प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यालय में एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए गांव के बस अड्डे पर पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सीएम मनोहरलाल का पुतला भी फूंका।
दीपक देशवाल ने कहा कि महंगाई की मार से गरीब एवं मध्यम वर्ग काफी परेशान हैं। पीएम मोदी के राज में आम आदमी को अच्छे दिन की उम्मीद थी, क्या यही है अच्छे दिन? उन्होंने कहा कि पेट्रोल एवं रसोई गैस के बढ़ते दामों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। हाल ही में रसोई गैस के सिलिंडर में 60 रुपये की वृद्धि हुई है, जिससे लोग काफी परेशान हैं। सब्सिडी पर मिलने वाला घरेलू रसोई गैस सिलिंडर भी अब लोगों के लिए खरीदना मुश्किल हो गया है। कांग्रेसी नेता देशवाल ने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के चलते किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहा है। गरीब और गरीब होता जा रहा है एवं उद्योग जगत एवं कारपोरेट जगत को राहत प्रदान की जा रही है, जिस कारण लोगों में सरकार के प्रति रोष पनपता जा रहा है। जनता को बरगलाकर सत्ता हथियाने वाली भाजपा सरकार अपने किसी भी वादे पर खरी नहीं उतरी, जिससे लोगों में सरकार के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार कुछ ही दिनों की मेहमान है, क्योंकि इस नकारा सरकार से प्रदेश का हर आदमी दु:खी हो चुका है और बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रहा है। युवा कांग्रेसी नेता दीपक देशवाल ने दावा किया कि लोग देश व प्रदेश में होने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर कर कांग्रेस को देश व प्रदेश की सत्ता सौंपने का काम करेगी। प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता जयकिशन देशवाल, जयप्रकाश, हवा सिंह, बंटी पहलवान, ललित, भोलू, मोनू, टैणी, पंडित पालेराम, मास्टर सूरजभान, ढिल्ला, जगदीश आदि शामिल रहे।