चरखी दादरी। परिवर्तन कार्यक्रम में दादरी खंड के प्रभारी व शहरी स्थानीय निकाय विभाग के वित्तायुक्त आनंद मोहन शरण ने कहा है कि स्वच्छता ग्राम सुराज की प्रथम पायदान है। ग्रामवासी अपने मन में यह संकल्प धारण करें कि वे गांव में एक सामाजिक स्वस्थ वातावरण कायम करते हुए सफाई में अपना योगदान देंगे। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत गांव रामनगर का दौरा करने आए आनंद मोहन शरण ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब तीन साल पहले देश में स्वच्छता का व्यापक स्तर पर अभियान शुरू किया था। आज यह अभियान एक जनआंदोलन के रूप में बदल चुका है और हर घर में लोग अपने आसपास की साफ-सफाई के बारे में चिंतन करने लगे हैं।
उन्होंने जिला विकास पंचायत अधिकारी को शामलात भूमि से कुरड़ियां साफ करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव के मुख्य मार्गों व फिरनी में कहीं भी गंदगी नहीं होनी चाहिए। रास्तों को साफ-सुथरा रखें और सफाई पर विशेष ध्यान दें। वित्तायुक्त एवं प्रधान सचिव ने गांव के मेन रोड के किनारे पंचायत द्वारा बनवाए गए पार्क को भी देखा और इसकी सराहना की। इस अवसर पर उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने गांव में पहुंचने पर प्रधान सचिव का आभार व्यक्त किया और कहा कि रामनगर जल्दी ओडीएफ होने वाले प्रमुख गांवों में से एक है। गांववासी यह ध्यान रखें कि कोई भी व्यक्ति शौच के लिए बाहर न जाएं। रामनगर को एक आदर्श गांव बनाए रखें और स्वच्छता कार्यक्रम को सफल बनाएं। इस अवसर पर गांव रामनगर के बुजुर्गों ने उच्चाधिकारियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।