अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने झज्जर जिला के विकास की दिशा में कुल 115 करोड़ 92 लाख रुपये लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने कुल एक करोड़ 21 लाख रुपये लागत की एक विकास परियोजना का उद्घाटन भी किया।
झज्जर स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित स्वर्ण जयंती राज्य पशुधन प्रदर्शनी-2017 के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने झज्जर जिला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-334बी (झज्जर-दादरी सड़क मार्ग) पर रेवाड़ी-रोहतक रेल मार्ग के 35 करोड़ 27 लाख रुपये से निर्मित किए जाने वाले रेलवे ऊपरगामी पुल तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-22 (झज्जर-कोसली सड़क मार्ग) पर रेवाड़ी-रोहतक रेल मार्ग के 25 करोड़ रुपये से निर्मित किए जाने वाले रेलवे ऊपरगामी पुल की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने झज्जर जिला क्षेत्र में बहादुरगढ़ में दिल्ली-भटिंडा रेल मार्ग पर कुल 31 करोड़ चार लाख रुपये से निर्मित किए जाने वाले रेलवे अंडरपास की आधारशिला रखी। सीएम ने झज्जर जिले में कुल 12 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित किए जाने वाले राजकीय कन्या महाविद्यालय कुलाना तथा सिलाना गांव में कुल 10 करोड़ रुपये लागत से निर्मित किए जाने वाले जिला स्तरीय खेल स्टेडियम की आधारशिला रखी। सीएम ने झज्जर जिले में दो करोड़ 11 लाख 62 हजार रुपये से निर्मित किए जाने वाले बादली से इस्माइलपुर तक के 6.70 किलोमीटर लंबी सड़क की आधारशिला रखी। उन्होंने बहादुरगढ़ की नई सब्जी मंडी में कुल एक करोड़ 21 लाख रुपये से निर्मित कवर्ड शेड का उद्घाटन किया।
ये रहे मौजूद
मुख्यमंत्री द्वारा रखी आधारशिलाएं व उद्घाटन के अवसर पर हरियाणा के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, विधायक नरेश कौशिक, हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन ऋषि प्रकाश शर्मा, दिव्यांग जन आयोग के आयुक्त दिनेश शास्त्री, आयुक्त चंद्रप्रकाश, उपायुक्त सोनल गोयल, प्रवर पुलिस अधीक्षक बी सतीश बालन, भाजपा के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, जिला परिषद झज्जर के चेयरमैन परमजीत सौलधा व उपाध्यक्ष योगेश सिलानी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता धर्मवीर सिंह दहिया, हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड के अधीक्षक अभियंता सतेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।