अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
कई दिन से बीमार चल रहे किला मोहल्ला निवासी एक युवक की संदिग्ध डेंगू बुखार से ग्रस्त होने के कारण दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। परिजनाें का आरोप है कि युवक डेंगू बुखार से ग्रस्त था, जबकि अधिकारियों ने इस संबंध में कोई जानकारी न होने की बात कही है।
किला मोहल्ला का निवासी साहिल चुघ को सप्ताहभर पहले बुखार हो गया था। तबीयत बिगड़ी तो उसे बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुधार नहीं हुआ तो बाद में उसे दिल्ली के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां रविवार को उसने दम तोड़ दिया। परिजनाें की मानें तो चार दिन तक बहादुरगढ़ के अस्पताल में भर्ती रखा। डाक्टरों ने उसे डेंगू से ग्रस्त होने की पुष्टि कर दी थी। किडनी में भी इंफेक्शन हो गया। हालत में सुधार नहीं हुआ तो वे उसे अग्रसेन अस्पताल ले गए। मगर वहां भी कुछ सुधार नहीं हुआ। ब्लीडिंग नहीं रुक रही थी। करीब 30 खून की बोतलें चढ़ाई गई। रविवार को साहिल की मृत्यु हो गई। गौरतलब है कि करीब 21 वर्षीय साहिल परिवार में इकलौता लड़का था। उधर, डीएमओ कुलदीप ने कहा कि इस संबंध में उनके पास कोई जानकारी नहीं है। मामले की जांच की जा जाएगी।
कसार में डेंगू से महिला की मौत
बुखार के चलते गांव कसार की एक महिला की भी मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो फिलहाल संदिग्ध मौत पर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। हां, गांव कसार की डेंगू कन्फर्म एक महिला रेखा की मौत जरूर हुई है। डीएमओ कुलदीप ने बताया कि उक्त महिला का पहले तो निजी अस्पतालों में इलाज चलता रहा। जिस दिन उसे भर्ती कराया गया, उसके कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया था। महिला की मौत के बाद से ही गांव में बुखार पीड़ितों की जांच व सर्वे भी किया जा रहा है। रोज फोगिंग भी की जा रही है।