बाढड़ा। बाढड़ा मंडी में अपनी सरसों बेचने पहुंचे किसान तोल में गड़बड़ी मिलने पर मंगलवार दोपहर बिफर गए। गड़बड़ी से खफा किसानों ने जुई-बाढड़ा मार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार व डीएसपी मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने करीब तीन घंटे बाद किसानों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। किसानों का कहना है कि आढ़तियों के धर्मकाटे और अन्य धर्मकाटे के तोल में प्रति क्विंटल दो किलोग्राम की हेराफेरी मिली है और इससे किसानों को भारी चपत लगाई जा रही है।
वजन में गड़बड़ी मिलने पर किसान दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अनाजमंडी के गेट पर एकत्र हुए और इसके बाद जुई-बाढड़ा रोड पर उतरकर मुख्यमार्ग जाम कर दिया। किसानों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी के साथ रोष का इजहार किया। किसान धर्मबीर, राजकुमार, रामस्वरूप, जितेंद्र आदि ने बताया कि आढ़तियों द्वारा जिस धर्मकांटे पर तोल करवाकर सरसों की खरीद की जा रही है, उसमें व अन्य धर्मकांटों के तोल में काफी अंतर आ रहा है। इससे किसानों को मंडी में फसल बेचने पर भी चपत लग रही है वहीं, अनाजमंडी के आढ़तियों द्वारा किसानों की प्रति क्विंटल दो किलोग्राम सरसों भी काटी जा रही है जो किसानों के हितों के साथ सरासर अन्याय है। इसे किसान इसे किसी सूरत में स्वीकार नही करेंगे। मामले की सूचना पाकर नायब तहसीलदार मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसानों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन किसान नही माने।
वहीं, जाम के चलते वाहन चालकों व यात्रियों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ा। लगभग तीन घंटे बाद बाढड़ा डीएसपी अनिल कुमार व एसएचओ रामअवतार भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसानों से उनकी समस्याएं पूछी। किसानों ने अपनी बात उनके सामने रखी और बाद में उन्होंने किसानों को आश्वस्त कर जाम खुलवा दिया। वहीं, किसानों के हंगामे के चलते दिनभर अनाज मंडी में खरीद कार्य प्रभावित रहा।