अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने जिला वासियों से अपील की है कि 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के सभी नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जरूर दर्ज करवाएं। मतदाता सूची में नए नाम दर्ज करने की प्रक्रिया 12 अप्रैल चलेगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करने के साथ-साथ बीएलओ के पास भी फार्म जमा करवाया जा सकता है।
उपायुक्त ने अपने संदेश में कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कोई भी पात्र व्यक्ति 12 अप्रैल तक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए फार्म छह भरकर संबंधित बीएलओ को आवेदन कर सकता है। उन्होंने बताया कि बीएलओ के पास आवेदन करने के अलावा नागरिकों के पास ऑनलाइन आवेदन करने का विकल्प भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि आगामी लोकसभा चुनाव में जिला का प्रत्येक पात्र मतदाता अपने मत का प्रयोग करे और बिना लोभ लालच या डर के वोट डाले। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं।