चरखी दादरी। राजकीय स्कूल बिंद्रावन में डीईईओ के औचक निरीक्षण में गैर हाजिर मिलने पर दो प्राइमरी शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया है। इस स्कूल में दो ही शिक्षक की तैनाती है और दोनों ही गैरहाजिर मिले। डीईईओ ने इसके अलावा दो-तीन अन्य स्कूलों का भी औचक निरीक्षण किया।
राजकीय स्कूलों में 12 फरवरी को बच्चों की सक्षम की परीक्षा होनी है। इस परीक्षा के लिए सभी विभाग अधिकारियों को जिम्मेदारी साैंप रखी है ताकि स्कूलों का समय-समय पर निरीक्षण कर शिक्षकों व हेडमास्टर को गाइड लाइन जारी की जा सके और ब्लॉक को समक्ष का दर्जा दिलाया जा सके। जिले का बौंद कलां ब्लॉक सक्षम हो चुका है जबकि बाढड़ा ब्लॉक की सक्षम की परीक्षा 12 फरवरी को होनी है।
इसी को लेकर चरखी दादरी डीईईओ सुनीता पंवार ने बुधवार को बाढड़ा ब्लॉक के राजकीय स्कूल बिंद्रावन का दौरा किया। जहां स्कूल में तैनात दोनों ही टीचर ड्यूटी से गैरहाजिर मिले। इस स्कूल में शिक्षक के दो ही पद स्वीकृत हैं। डीईईओ निरीक्षण के दौरान स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मी मौजूदा मिला और बच्चे शिक्षकों के इंतजार में बैठे हुए थे। डीईईओ ने इन शिक्षकों के हाजिरी रजिस्टर की जांच तो वे गैरहाजिर मिले। डीईईओ सुनीता पंवार ने बताया कि ड्यूटी से गैरहाजिर मिलने पर प्राइमरी शिक्षक सुरेंद्र व सुबोध को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि स्कूल में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर दो अन्य शिक्षकों की तैनाती कर दी गई है। सस्पेंड के ऑर्डर जारी कर इसकी प्रति सूचना के लिए हेड ऑफिस भेजी गई है।