बादली। हाल ही में उत्तर प्रदेश में हुई सीनियर नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में बुपनियां अखाड़े का जितेंद्र छाया रहा। शानदार प्रदर्शन करते हुए जितेंद्र ने चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जितेंद्र के अलावा अखाड़े के विकास पहलवान ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मंगलवार को दोनों पहलवानों का कुश्ती प्रेमियों द्वारा अखाड़े में जोरदार अभिनंदन किया गया।
30 नवंबर से दो दिसंबर तक यूपी के गोंडा में हुई इस चैंपियनशिप में देशभर के पहलवानों ने भाग लिया। बुपनियां स्थित जयवीर अखाड़े के पहलवान जितेंद्र ने 79 किलोग्राम भार वर्ग में भागीदारी की। रेलवे की ओर खेलते हुए पहलवान जितेंद्र ने स्वर्ण पदक के लिए 5 कुश्तियां खेली और सभी में जीत हासिल की। जितेंद्र पहलवान ने बंगाल के प्रदीप, हरियाणा के प्रवीण, एसएससीबी के वीर देव गुलिया, राजस्थान के राहुल राठी को हराकर फाइनल प्रवेश किया।
फाइनल में जितेंद्र का महाराष्ट्र के पहलवान कौतुक डैफले के साथ कांटे का मुकाबला हुआ। मुकाबले में जितेन्द्र ने कौतुक को हराकर स्वर्ण के साथ-साथ लगाकर चौथी बार नेशलन चैंपियनशिप में पदक हासिल कर लिया। इस प्रतियोगिता में जितेन्द्र ने 2015 में पहली बार पदक जीता था, जिसके बाद प्रतिवर्ष पदक हासिल कर गौरव बनाया है। जितेन्द्र पहलवान रेलवे में नौकरी करता है और जयबीर अखाड़े में अभ्यास करता है। इसके अतिरिक्त जितेन्द्र पहलवान 2015 में नेशनल गेम्स में भी स्वर्ण जीत चुका है जबकि कई बार भारत कुमार और आफताब-ए-हिंद का खिताब भी हासिल कर चुका है। कोच जयबीर ने बताया कि इसी प्रतियोगिता में विकास रोहद ने 65 किलोग्राम भार में चौथा स्थान हासिल किया। दोनों पहलवानों का अखाड़े में जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान मन्नू कोच, जीते प्रधान, नवीन कोच सहित ग्रामीण और अन्य पहलवान मौजूद रहे।