झज्जर। चार वर्षों में कुछ लोगों ने इनेलो को दीमक की तरह खाकर उसे खत्म कर दिया। अब 9 दिसंबर को पांडू पिंडारा में इनेलो को पूरी तिलांजलि दी जायेगी और वहीं से नई पार्टी की घोषणा होगी। विधायक नैना सिंह चौटाला ने यह बात झज्जर में आयोजित महिला सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
विधायक नैना सिंह ने अभय चौटाला पर निशाना साधते हुए कहा कि विनाश काले विपरीत बुद्धि, यही कारण है कि एक आदमी के लालच या अहंकार ने सारा खेल बिगाड़ा है, जो लोग कार्यकर्ताओं से मिलने की बजाए गोल्फ खेलते रहते थे, अब उन्हें घुटने घिसने की नौबत आ गई है। सांसद दुष्यंत की मां नैना सिंह ने कहा कि परिवार के दो लोग ही जेल गए थे लेकिन पूरा जीवन लगाकर खड़ी की गई पार्टी को कुछ लोगों ने 4 साल में ही दीमक की तरह खत्म कर दिया।
उन्होंने कहा कि अब कहा जा रहा है कि दुष्यंत माफी मांगे, लेकिन दुष्यंत माफी क्यों व किस बात की मांगे। दुष्यंत माफी नहीं मांगेंगे, बल्कि नई पार्टी का बिगुल बजेगा। नैना ने कहा कि नई पार्टी, नया झंडा और नया ही डंडा होगा। उन्होंने कहा कि नई पार्टी के लिए पूरे हरियाणा के लोगों में जोश व जुनून है और अब झंडा फहरा कर ही रहेंगे। नैना सिंह ने कहा कि अजय जी ने जेल जाते समय कहा था कि अब याचना नहीं रण होगा और रण का शंखनाद हो गया है।
विधायक नैना सिंह ने कहा कि दुष्यंत देश के सबसे नौजवान सांसद हैं और पार्लियामेंट में किसानों, महिलाओं व युवाओं की आवाज उठाते हैं। इस मौके पर शीला भ्याण, जिला अध्यक्ष राकेश जाखड़, उपेन्द्र कादियान, संजय कबलाना, सतवीर एडवोकेट, प्रीतम कुकडोला, प्रैस प्रवक्ता मनोज पांचाल, बबीता पूनिया, शीला फौगाट, बबली भदानी, सुमन कबलाना, शीला गोदारा, बबली डावला, कांता, कमला दलाल, सुमित्रा, रेनू प्रजापति, रेखा रानी, ओमपति मातनहेल सहित अनेक महिला कार्यकर्ता मौजूद रही।