चरखी दादरी। मार्केटिंग बोर्ड चेयरमैन चंद्रपाल सांगवान पर नई अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन ने शनिवार को गंभीर आरोप लगाए हैं। व्यापारियों ने उन पर रात के समय मंडी में आने वाले वाहनों की बिना अधिकारी के अवैध चेकिंग करने और रुपये मांगने के आरोप लगाए हैं। सुबह करीब 11 बजे आढ़ती चेयरमैन से उनके कार्यालय में मिले और इस दौरान जमकर हंगामा किया। इसके बाद वे बाहर आ गए और मंडी के मेन गेट को ताला जड़कर दिनभर खरीद-फरोख्त न करने का एलान कर दिया। इस दौरान जिला खरीद अधिकारी एचसीएस विकास यादव के माध्यम से उन्होंने अपनी शिकायत मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी भेजी है। आढ़तियों ने चेतावनी दी है कि अगर सोमवार तक उचित कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई मंडी का कामकाज अनिश्चित समय के लिए वो बंद कर देंगे।
अनाज मंडी प्रधान रामकुमार रिटोलिया की अगुवाई में सुबह करीब साढ़े 10 बजे आढ़ती मंडी परिसर मे एकत्र हुए। इस दौरान आढ़तियों ने बताया कि रात 10 से लेकर सुबह छह बजे तक मार्केटिंग बोर्ड चेयरमैन ने मंडी में कपास लेकर आने वाले वाहनों की चेकिंग की जबकि इस दौरान उसके साथ कार्यालय से कोई अधिकारी नहीं था। आढ़तियों का आरोप है कि चेयरमैन अपने निजी आदमियों को साथ लेकर खुद ही चेकिंग कर रहे थे। आढ़तियों ने गंभीर आरोप लगाकर कहा कि यह कार्रवाई केवल अवैध वसूली के लिए की गई। उन्होंने कहा कि मिलों में सीधी कपास के अलावा, सरसों, बाजरा सहित अन्य फसलें लेकर किसान पहुंच रहे हैं और वहां मार्केटिंग फीस की चोरी कर सरकार को चपत लगाई जा रही है लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। इन पर कार्रवाई करने की बजाय मंडी में पक्के बिलों से होने वाली खरीद में चेयरमैन अड़ंगा डालकर आढ़तियों को परेशान कर रहे हैं।
सुबह करीब 11 बजे आढ़तियों का प्रतिनिधिमंडल प्रधान रामकुमार रिटोलिया की अगुवाई में चेयरमैन चंद्रपाल से भी मिला। इस दौरान वहां खूब तू-तड़का हुई और आढ़ती बाहर आकर नारेबाजी करने लगे। इसके बाद उन्होंने मंडी परिसर के मेन गेट को ताला जड़ दिया और वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान आढ़तियों ने कहा कि चेयरमैन के साथ उनके जो निजी आदमी थे उन्होंने शराब पी रखी थी और इस घटनाक्रम की शिकायत उन्होंने जिला खरीद अधिकारी विकास यादव से भी की। इस पर एचसीएस विकास यादव ने उन्हें मामले की जांच करने और बाहरी किसी शख्स की संलिप्तता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। तालाबंदी की सूचना पाकर सिटी थाना प्रभारी गौरव कुमार भी अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। दोपहर करीब ढाई बजे आढ़तियों ने सर्वसम्मति से ताला खोल दिया लेकिन दिन भर खरीद-फरोख्त का काम न करने का निर्णय लिया। अनाज मंडी प्रधान रामकुमार रिटोलिया ने बताया कि अगर सोमवार तक इस संबंध में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आढ़ती मिलकर और कड़े कदम उठाएंगे।
18 गाड़ियों को किया गया चेक
आढ़तियों ने बताया कि शुक्रवार रात 10 से सुबह छह बजे तक चेयरमैन ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने मंडी परिसर के अंदर आने वाली 18 गाड़ियों की जांच की। उन्होंने कहा कि मंडी के गेट पर कागजात दिखाने पर ही गाड़ी को एंट्री मिलती है और ऐसे में गाड़ी चालकों और आढ़तियों पर दबाव बनाने के लिए अवैध रूप से यह चेकिंग की गई।
कपास की नहीं लगती अनाज मंडी में बोली
जिला खरीद अधिकारी विकास यादव को आढ़ती एसोसिएशन ने सीएम मनोहर लाल के नाम ज्ञापन सौंपकर चेयरमैन के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान आढ़तियों ने बताया कि अनाज मंडी में आने वाली कपास की बोली नहीं लगाई जाती और न ही खरीद का कोई समय निर्धारित है। हर साल से ही स्थिति रहती है लेकिन बार-बार मांग उठाने पर भी समाधान नहीं हो पा रहा।
15 गाड़ियों के गेटपास मिले दुरुस्त, तीन की करवाऊंगा जांच: चेयरमैन
चेयरमैन चंद्रपाल सांगवान का कहना है कि उन्हें शक था कि मंडी में जो गाड़ियां कपास लेकर पहुंची हैं उनके दस्तावेजों में गड़बड़ी है। इस आधार पर उन्होंने मंडी के ऑक्शन रिकॉर्डर सुरेंद्र को साथ लेकर चेकिंग की थी। रात को उन्होंने 18 गाड़ियों की जांच की जिनमें से 15 के दस्तावेज दुरुस्त मिले जबकि तीन के गेट पास फर्जी होने का उन्हें शक है। इस आधार पर उन्होंने दस्तावेजों की जांच शुरू करवा दी है। आढ़तियों ने जो अवैध वसूली के आरोप लगाए हैं और बेबुनियाद हैं और किसी के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया।
आढ़तियों की मांग पर ज्ञापन सीएम को भेजा जाएगा। आउट साइडर के शराब के नशे में धुत होकर गाड़ियां चैक करने की जो बात सामने आई है उसकी जांच कराई जाएगी। मैंने आढ़तियों को उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है जिस पर वो संतुष्ट हो गए। ऐसे लोगों पर निगरानी रखने के लिए कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाएगी। - विकास यादव, जिला खरीद अधिकारी