अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
जिले में बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए बिजली निगम ने नई योजना बनाई है। इसके तहत अब जो भी पंचायत निगम को दो एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव बना कर बिजली निगम को साैंपेगी, निगम वहां पावर सब स्टेशन स्थापित करेगा।
इसके लिए संबंधित गांव की दूरी पावर सब स्टेशन से कम से कम 25 किलोमीटर होनी चाहिए। निगम अब गांवों में पावर सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाकर और नए बनाकर शहर की बिजली आपूर्ति बढ़ाने पर ज्यादा काम कर रहा है, क्योंकि शहरी एरिया में नए सब स्टेशन निर्माण की संभावनाएं विभिन्न शर्तों की वजह से कम हो जाती है। जबकि शहर की बिजली की खपत लगातार बढ़ने लगी है। शहर की बिजली की खपत प्रति माह करीब 85 लाख यूनिट है जबकि जिले की कुल खपत 725 लाख यूनिट प्रति माह है।
चरखी दादरी जिला बन जाने पर अब बिजली आपूर्ति में भी विस्तार एवं सुधार करने की जरूरत बनी हुई है। जिला बन जाने पर अब बिजली की खपत बढ़ने लगी है। खासकर शहरी क्षेत्र में बिजली की खपत ज्यादा बढ़ने लगी है। जिला बन जाने पर यहां करीब 55 से ज्यादा सरकारी विभागों के जिला स्तर के कार्यालय धीरे-धीरे स्थापित होते जा रहे हैं। वहीं गांवों में भी पिछले एक दशक के दौरान आवासीय एरिया बढ़ जाने पर बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है। इसके लिए बिजली निगम भी गंभीरता से सोच रहा है ताकि बिजली की खपत के अनुरूप आपूर्ति सिस्टम को भी बढ़ाया जा सके।
जिले में 725 लाख यूनिट प्रति माह है बिजली की खपत
इस समय जिले की खपत प्रति माह 725 लाख यूनिट है। अकेले शहर की बिजली खपत 85 लाख यूनिट प्रति माह तक पहुंच गई है। शहर की आबादी और एरिया बढ़ने पर वार्डों की संख्या भी 19 से 21 पहुंच गई है।
:: बिजली निगम लगा प्लानिंग तैयार करने में
बिजली निगम भी इस खपत बढने के साथ नई प्लानिंग तैयार करने में जुटा है। इसके लिए कई गांवों में बने 33 केवीएम पावर सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई जा रही है तो नए सब स्टेशनों के निर्माण पर भी काम चल रहा है। घसोला, मकड़ाना, मकड़ानी पावर सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई गई है। यहां 10 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर की जगह अब 20 एमवीए तक क्षमता बढ़ाई गई है। इसके लिए मोरवाला 6.3 एमवीए सब स्टेशन की क्षमता 10 एमवीए करने पर भी काम चल रहा है। निगम अब ग्रामीण क्षेत्रों में पावर सब स्टेशनों के जरिए शहर की आपूर्ति बढ़ाने पर काम कर रहा है।
फिलहाल इन गांवों में बने हैं सब स्टेशन
फिलहाल जिले के गांव मोरवाला, घसोला, मकड़ाना, मकड़ानी, चरखी, बेरला और अटेला आदि गांवों में पावर सब स्टेशन बने हैं। अभी कुछ दिन पहले गांव सांवड़ की पंचायत ने करीब डेढ़ दर्जन एकड़ जमीन का प्रस्ताव पारित कर बिजली निगम को सौंपा है। अब बिजली निगम यहां 120 केवीए क्षमता व 33 केएवीएम क्षमता के दो पावर सब स्टेशन बनवाएगा।
बिजली निगम को जो पंचायत जमीन उपलब्ध करवा देती है। वहां निर्धारित शर्तों के अनुरूप पावर सब स्टेशन का निर्माण हो सकता है। इसके लिए कम से कम दो एकड़ जमीन चाहिए।
-एसडीओ श्रीनिवास, बिजली निगम