अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां (चरखी दादरी)।
अंधड़ और बारिश के चलते सोमवार को बौंदकलां क्षेत्र के 20 गांवों में रातभर ब्लैक आउट रहा। मंगलवार को 17 घंटे बाद दोपहर तीन बजे सभी गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई। अंधड़ के चलते क्षेत्र में कोई भी जानमाल की नुकसान की सूचना नहीं है लेकिन हरे पेड़ों के टहने और कई जगहों पर सफेदे टूटकर गिरने से इसका असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा। अंधड़ के चलते 33 केवीए सब पावर स्टेशन सांजरवास के अधीन आने वाले गांव बौंदकलां, बौंदखुर्द, रणकोली, निमड़ी, मालकोष, ऊण, सांजरवास, फौगाट, रानीला, भागेश्वरी, अचीना, बास, झींझर, सांवड़, लांबा, कोहलावास, मिसरी, कमोद, जयश्री व मिर्च गांवों रात्रि 10 बजे ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी।
मंगलवार सुबह ही बिजली निगम के कर्मचारी फॉल्टों को ढूंढने में जुट गए। दोपहर 12 बजे के आसपास बिजली निगम के कर्मचारियों ने 33 हजार वोल्टेज की लाइन को ठीक करके बिजली आपूर्ति सुचारु की। इसके बाद बिजली निगम के कर्मचारियों ने 11 हजार वोल्टेज की लाइनों की रेकी करके फॉल्ट दूर किए। इन गांवों में बिजली नहीं होने से पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो सकी। इस बारे में जेई प्रवीण कुमार ने बताया कि अंधड़ व बारिश के चलते पेड़ों की टहनी लाइनों पर गिरने और पोल टेढ़े होने के चलते बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। निगम कर्मचारियों ने गांवों में बिजली आपूर्ति को बहाल करवा दिया है।