अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
जिले के कुश्ती प्रेमियों की उम्मीदों को झटका लगा है। प्रेक्टिस के दौरान घुटने में गंभीर चोट लगने से आसौदा का पहलवान रजनीश दलाल प्रो कुश्ती लीग से बाहर हो गया है। रजनीश को हरियाणा हैमर्स की टीम ने पांच लाख रुपये में खरीदा था। अब कुश्ती प्रेमियों की नजर बजरंग पूनिया, जितेंद्र कुमार व सोमवीर पर हैं। जिले के ये तीनों पहलवान वीरवार को मैदान में उतरेंगे।
बता दें कि दिल्ली के सिरि स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में नौ जनवरी से प्रो. कुश्ती लीग-3 शुरू हुई। लीग का दूसरा मुकाबला बुधवार को हरियाणा हैमर्स व वीर मराठा के बीच हुआ। इस मुकाबले का गांव आसौदा समेत पूरे झज्जर जिले के लोगों को बेसब्री से इंतजार था। दरअसल, इस मुकाबले में आसौदा निवासी रजनीश दलाल को 65 केजी वर्ग में उतरना था। मगर कुश्ती प्रेमियों की उम्मीदें उस वक्त टूट गई जब रजनीश मुकाबले में नहीं आए। दरअसल, प्रेक्टिस के दौरान रजनीश के घुटने में चोट लग गई। गंभीर चोट के कारण मेडिकल टीम ने उन्हें अनफिट करार दिया तो रजनीश ने लीग से अपना नाम वापस ले लिया है। हरियाणा की टीम में रजनीश की जगह अब सोनीपत के हरफूल ने ली है।
पहले भी लगी थी घुटने में चोट
अमर उजाला से बातचीत में रजनीश ने कहा कि कुछ दिनों पहले उनके घुटने में हल्की चोट लग गई थी। चोट ठीक होने के बाद उसने लीग के लिए ट्रायल में भाग लिया। लीग के मुकाबले से पहले प्रेक्टिस के दौरान फिर से उसी स्थान पर चोट लग गई। घुटने का ऑपरेशन होना है। इसलिए वे ऑपरेशन के लिए मुंबई गए हैं। चार से छह महीने तक अब वह कुश्ती से दूर रहेंगे।
आज बजरंग, जितेंद्र और सोमवीर उतरेंगे मैदान में
चोटिल रजनीश के लीग से बाहर होने से बेशक हरियाणा टीम को झटका लगा है, मगर जिले के कुश्ती प्रेमियों का उत्साह अब भी पहले जैसा ही है। आज वीरवार की शाम एनसीआर पंजाब रॉयल और यूपी दंगल के बीच मुकाबला होगा। इस मुकाबले में जिले के तीन पहलवान खेलने उतरेंगे। 74 किलोग्राम में जितेंद्र जहां पंजाब की ओर से खेलेंगे वहीं बजरंग (65) व सोमवीर (92 केजी) में यूपी की तरफ से कुश्ती के दांव दिखाएंगे। इन तीन धुरंधरों पर जिले के कुश्ती प्रेमियों की नजर बनी रहेगी।