अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षा में गुणवत्तापरक सुधार लाने के लिए आरंभ किए गए सक्षम हरियाणा कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला के राजकीय विद्यालयों में चल रही मासिक मूल्यांकन परीक्षा पर जिला प्रशासन की ओर से कड़ी निगरानी रखी गई। उपायुक्त सोनल गोयल ने स्वयं गांव महराणा, दुजाना, बिरधाना व गुढ़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का दौरा किया। उपमंडल स्तर पर भी जिला के सभी उपमंडल अधिकारी (ना.) व अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी स्कूलों का दौरा करते हुए मासिक परीक्षा का जायजा लिया।
उपायुक्त ने रावमावि दुजाना में चल रही परीक्षा के दौरान अनियमितता मिलने पर स्कूल स्टाफ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम झज्जर रोहित यादव को रावमावि सिलानी तथा एसडीएम बेरी संजय राय को रावमावि डीघल में चल रही परीक्षा के दौरान अनियमितताएं मिली। उपायुक्त ने संबंधित स्कूलों को लेकर भी जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई करने की अनुशंसा की है। अतिरिक्त उपायुक्त सुशील सारवान ने भी गांव मुंडाखेड़ा सहित अनेक गांवों के राजकीय विद्यालयों का दौरा किया। उपायुक्त के निर्देश पर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों के अधिकारियों ने जिला के विभिन्न स्कूलों का दौरा किया और परीक्षा की स्थिति के बारे में अपनी रिपोर्ट दी।
उपायुक्त सोनल गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से राजकीय विद्यालयों में शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के लिए स्पष्ट निर्देश है। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव राकेश गुप्ता इस कार्यक्रम की निगरानी कर रहे हैं। इसके चलते सोमवार को बृहद स्तर पर राजकीय विद्यालयों में मासिक मूल्यांकन परीक्षा पर निगरानी रखी गई। सक्षम हरियाणा पोर्टल पर परीक्षा की स्थिति को लेकर रिपोर्ट भी अपलोड की गई है। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव स्वयं इस रिपोर्ट की जांच करेंगे। जिला उपमंडल व खंड स्तरीय अधिकारियों ने गंभीरता दिखाते हुए राजकीय विद्यालयों का दौरा किया। बेरी के एसडीएम संजय राय ने रावमावि डीघल, धांदलान, गोच्छी में राकवमावि सहित चारी स्कूलों का दौरा किया। साथ ही उपमण्डल में 36 स्कूलों की एसडीएम झज्जर रोहित यादव ने रावमावि सिलानी, दादनपुर, माछरौली व ग्वालिसन का दौरा किया।
वहीं, बादली उपमंडल में तहसीलदार व नायब तहसीलदार ने राजकीय विद्यालयों का दौरा किया। डीसी ने किया दुजाना के ग्राम सचिवालय का निरीक्षण उपायुक्त सोनल गोयल ने सोमवार को ग्राम सचिवालय, दुजाना का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम सचिवालय के जरिए ग्रामीणों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा ग्रामीणों से भी फीडबैक लिया।