मुठभेड़ में घायल एसआई की मदद के लिए आगे आई सरपंच एसोसिएशन
गांव मकड़ानी निवासी घायल हरियाणा पुलिस के सब इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह की मदद के लिए दादरी जिला सरपंच एसोसिएशन भी मदद को आगे आई है। इस संबंध में बुधवार को एसोसिएशन की बैठक रोज गार्डन में आयोजित की गई। बैठक के बाद सरकार की ओर से इलाज करवाए जाने की मांग के लिए सीटीएम मनीष फौगाट को ज्ञापन भी सौंपा। सरपंचों ने सरकार से घायल धर्मवीर सिंह का सरकारी खर्च पर इलाज करवाए जाने की मांग की है। इससे पहले फौगाट खाप भी इस संबंध में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंप चुकी है। ड्यूटी के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ में घायल हुए धर्मवीर सिंह के परिवार को सरकार की तरफ से आर्थिक मदद का इंतजार है और अमर उजाला ने गत 27 अक्तूबर के संस्करण में ‘बदमाशों की फायरिंग में घायल एसआई के परिजनों ने लगाई मदद की गुहार’ व 31 अक्तूबर के संस्करण में ‘खापों ने उठाई घायल एसआई को पदोन्नित व वीरता पुरस्कार देने की मांग’ नामक शीर्षक से प्रकाशित किया था।
विदित रहे गांव मकड़ानी निवासी सब इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह सितंबर माह में महेंद्रगढ़ कोर्ट परिसर में बदमाशों से मुठभेड़ के दौरान फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हो गया था। इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह का कई दिनों तक रेवाड़ी के निजी अस्पताल में इलाज चला और अब उसे दिल्ली ले जाया गया है। उसके सिर में गोली लगी है। घायल सब इंस्पेक्टर के बेटे विकास कुमार ने भी पिछले दिनों सरकार से उनके पिता धर्मबीर सिंह का सरकारी खर्च पर इलाज करवाए जाने की मांग की थी। विकास के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। परिवार के समक्ष अब आर्थिक संकट बना हुआ है। ऐसे में सरकार को आर्थिक मदद करनी चाहिए। घायल सब इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह के परिवार को उसके उपचार के लिए पांच लाख रुपये का लोन भी लेना पड़ा था। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से तत्कालीन एसपी की ओर से सहायतार्थ एक लाख 30 हजार घायल के परिजनों को दिए गए थे। बुधवार को सीटीएम को सरपंच राजकरण पांडवान, सरपंच गुलजारी चरखी, सरपंच मनोज मानकावास, सरपंच आनंद पैतावास खुर्द, सरपंच राकेश डोहकी, सरपंच धारे रासीवास, सरपंच ओमप्रकाश बरसाना, सरपंच अशोक अटेला, सरपंच सुरेंद्र, सरपंच कृष्ण कुमार, सरपंच जोगेंद्र खेड़ी बूरा, रोहतास, मनोज बादल आदि ज्ञापन सौंपने पहुंचे।।
== जिले की खापें भी उठा चुकी है आवाज
गंभीर रूप से घायल सब इंस्पेक्टर धर्मबीर सिंह की मदद में जिले की सभी खापें भी आवाज उठा चुकी हैं। पिछले दिनो शहर के स्वामीदयाल मंदिर में जिले की सर्वखाप पंचायत आयोजित की गई जिसमें धर्मवीर का सरकार की ओर फ्री में इलाज करवाए जाने की मांग की गई थी। खाप प्रतिनिधियों ने प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा था।
फोटो 43
रोज गार्डन में आयोजित बैठक में उपस्थित विभिन्न गांवों के सरपंच व मौजिज लोग।
फोटो 44
घायल एसआई धर्मवीर सिंह।