अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
फॉग एवं स्मॉग का असर रेलवे यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। बुधवार को रोहतक-दिल्ली रेलमार्ग पर चलने वाली बरेली एक्सप्रेस रद्द रही तो कई गाड़ियां लेट थीं। गाड़ियों की लेट-लतीफी से यात्रियों को बेहद परेशानी हुई।
ये रही गाड़ियों की स्थिति
रोहतक की तरफ जाने वाली छिंदवाड़ा-14625 एक्सप्रेस का बहादुरगढ़ स्टेशन पर पहुंचने का समय सात बजकर 35 मिनट है। मगर यह गाड़ी अपने निर्धारित समय से 8 घंटे देरी से चल रही थी। इसी तरह दैनिक सुपरफास्ट भी 8 घंटे तो गोरखधाम करीब साढ़े 6 बजे लेट थीं। इनके अलावा जनता एक्सप्रेस, जींद पैसेंजर और रोहतक पैसेंजर भी देरी से स्टेशन पर पहुंची। दिल्ली की तरफ जाने वाली गाड़ियां भी बहादुरगढ़ देर से पहुंची। बरेली एक्सप्रेस रद्द थी तो सुबह 11:30 पर बहादुरगढ़ स्टेशन आने वाली गाड़ी चार घंटे देरी पर थी। अंडमान निकोबार सात घंटे, दैनिक सुपरफास्ट दो घंटे लेट रही। धौलाधार एक्सप्रेस साढ़े तीन तो छिंदवाड़ा एक्सप्रेस ढाई घंटे लेट थी। किसान एक्सप्रेस भी लगभग पौना घंटा देरी से चल रही थी। गाड़ियां की लेट-लतीफी की वजह से यात्रियों को भी काफी परेशानी हुई। लोगों को कई-कई घंटे तक प्लेटफार्म पर गाड़ियों का इंतजार करना पड़ा।