रक्तदान करने उमड़े युवा, रोडवेज कर्मी भी नहीं रहे पीछे
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
अमर उजाला फाउंडेशन, बाबा स्वामी दयाल सेवा संघ व रोडवेज ट्रेनिंग सेंटर के संयुक्त तत्वाधान में बुधवार को रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। बस स्टैंड स्थित चालक प्रशिक्षण केंद्र परिसर में आयोजित शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की जबकि इसकी अध्यक्षता रोडवेज जीएम रामकुमार ने की। शिविर में 105 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया जबकि 85 युवाओं का ही रक्त लिया गया। शिविर में कई युवाओं ने पहली दफा रक्तदान किया तो किसी रक्तदाता ने 22वीं बार रक्तदान किया। युवा कैंप में रक्तदान करने के बाद काफी उत्साहित नजर आए।
बाबा स्वामी दयाल सेवा संघ चेयरमैन बोबी फौगाट भी शिविर में बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। एडीसी अजय सिंह तोमर ने बैज लगाकर रक्तदाताओं की हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि रक्त का आज तक कोई विकल्प नहीं तलाश किया गया है। एक मनुष्य के शरीर में रक्त की पूर्ति रक्तदान करके मनुष्य ही पूरी कर सकता है। उन्होंने अमर उजाला फाउंडेशन, बाबा स्वामी दयाल सेवा संघ व रोडवेज ट्रेनिंग सेंटर के इस प्रयास की सराहना भी की। एडीसी ने कहा कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में युवाओं को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। शिविर की अध्यक्षता कर रहे रोडवेज जीएम रामकुमार ने कहा कि एक स्वस्थ्य मनुष्य को नियमित अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए। इससे शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती अपितु नए रक्त का संचार हमारे शरीर में होता है। रेडक्रास सोसायटी सदस्य रिंपी फौगाट ने बताया कि दिल्ली के मिशन जन जागृति ब्लड बैंक के चिकित्सकों एवं सहायकों ने शिविर में सेवाएं प्रदान की। शिविर में कुल मिलाकर 105 युवाओं ने रक्तदान करने के लिए पंजीकरण करवाया। ब्लड बैंक की आवश्यकता अनुसार 85 यूनिट का एकत्र किया गया। रोडवेज ट्रेनिंग सेंटर इंचार्ज राजेश रावलधी ने कहा कि स्वस्थ युवा को तो अपने जीवन में इस कार्य को संकल्प की तरह धारण कर वर्ष में एक बार जरूर ही इस कार्य में सहभागिता करनी चाहिए। किसी भी आपात स्थिति में एक-एक यूनिट किसी के जीवन को बचाने का कार्य करती है। शिविर के सफल आयोजन में संघ प्रधान बोबी फौगाट, लक्ष्मी नारायण, देव कुमार, सुखबीर, चंदूलाल, बलजीत, कृष्ण कुमार, विजेश कुमार, शमशेर सिंह, जयसिंह, शुभम, राजेश सोनी, विक्की सरूपगढ़, राहुल जांगड़ा, सतीश ग्रेवाल सहित चालक प्रशिक्षण केंद्र के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।