अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। स्कूटी सवार के आगे आने और उसे बचाने के प्रयास में सदर थाने की पीसीआर पेड़ से टकरा गई। यह वाकिया रविवार रात करीब दो बजे रोज गार्डन के सामने हुआ। दुर्घटना में तीन पुलिसकर्मी और एक रावलधी निवासी महिला घायल हो गई। घायल पुलिस कर्मियों में एक महिला हेड कांस्टेबल भी शामिल है। चारों घायलों में से तीन को देर रात ही रोहतक व भिवानी रेफर किया गया। पीसीआर चालक को सबसे अधिक चोटें लगी हैं। सिटी थाना पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। सोमवार दोपहर चार बजे तक सभी घायलों के बयान दर्ज नहीं हो पाए थे।
जानकारी के अनुसार सदर थाना की पीसीआर रविवार देर रात करीब दो बजे सिविल अस्पताल में उपचाराधीन किसी महिला के बयान लेने गई थी। टीम में एएसआई तूफान सिंह, महिला हेड कांस्टेबल बबीता व चालक अमित शामिल था। वहां से बयान लेकर टीम वापस सदर थाने के लिए अस्पताल से चली थी। जब पीसीआर रोज गार्डन के पास पहुंची तो रोज गार्डन के समीप कट में से अचानक स्कूटी सवार सामने आ गया। उसे देखकर डिवाइडर की तरफ चल रही एक अन्य गाड़ी के चालक ने दूसरी तरफ कट मार दिया। इस गाड़ी के साथ-साथ पीसीआर चल रही थी और गाड़ी चालक के साथ भिड़ंत होती देखकर पीसीआर चालक अमित ने भी अचानक स्टेयरिंग मोड़ दिया। इससे पीसीआर अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े करीब एक दशक पुराने पीपल के पेड़ से जा टकराई। इस भीषण टक्कर से पेड़ भी टूट गया। बताया जा रहा है कि रावलधी गांव निवासी जिस महिला के बयान लेने पुलिस टीम अस्पताल गई थी वह भी पीसीआर में बैठी थी। हादसे में एएसआई तूफान सिंह, हेड कांस्टेबल बबीता देवी और कांस्टेबल अमित सहित रावलधी निवासी उक्त महिला को भी चोटें आई। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल पुलिस कर्मियों व महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से कांस्टेबल अमित की गंभीर चोटों को देखते हुए उसे पीजीआई व महिला पुलिस कर्मी बबीता को हाथ टूटने पर भिवानी रेफर किया गया है। इसके अलावा घायल रावलधी निवासी महिला को भी रोहतक रेफर किया गया। एएसआई तूफान सिंह को सीने में चोट लगी है।
नीचे सेे ऊखड़ा, बीच से टूटा पेड़ का तना
पीसीआर की टक्कर लगने से पीपल का पेड़ भी टूट गया। इस पेड़ का सड़क से तना उखड़ गया जबकि बीच से टूटकर सड़क पर गिर गया। पेड़ का उपरी हिस्सा टूटकर रोज गार्डन फुटपाथ पर गिरा और सोमवार दोपहर चार बजे तक भी इसे वहां से नहीं उठाया गया था।
हादसे में तीन पुलिस कर्मियों सहित चार लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन को रोहतक पीजीआई व भिवानी रेफर किया गया। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। भिड़ंत से बचाने के लिए पीसीआर चालक को कट मारना पड़ा और इसके बाद पीसीआर पेड़ से टकरा गई है। अभी सभी घायलों के बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं।
-राजबीर सिंह, एसआई व बस स्टैंड चौकी प्रभारी