अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
दो दिन पूर्व नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला द्वारा पूर्व सीएम हुड्डा पर दिए गए बयान पर पर सूबे की पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने तीखा पलटवार किया है। दरअसल चौटाला द्वारा हुड्डा पर बयान दिया गया था कि अपने घटते कद को बचाने के लिए हुड्डा किसान पंचायतों का सहारा ले रहे हैं। जिस पर भुक्कल ने पलटवार करते हुए कहा कि अभय चौटाला हुड्डा की चिंता करने की बजाए खुद की पार्टी की चिंता करें। दिन प्रतिदिन उनकी पार्टी का वजूद कम होता जा रहा है, और पार्टी का भविष्य में सफाया तय है। अच्छा रहेगा अगर अभय अपनी पार्टी की तरफ ध्यान दें। उक्त बातें भुक्कल शनिवार सुबह अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर दिल्ली में आयोजित पूर्व सीएम हुड्डा की दलित महासभा के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कही।
उन्होंने कहा कि आज इनेलो के हालत बेहद नाजुक हो चुके हैं। जो अपने दम पर कुछ नहीं कर पा रही है। पार्टी के पूर्व विधायक और कुछ नेता पूर्व सीएम हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। बचे हुए मौजूदा विधायक बीजेपी को समर्थन दे रहे हैं। इनेलो के पास अपना क्या है।
भुक्कल ने इनेलो के एसवाईएल को लेकर रोकी गई सड़कों लेकर कहा कि जाम लगाने से केवल आम जनता को परेशानी हुई है। एसवाईएल को लेकर हमारे हक में फैसला आ चुका है। सभी दलों को एकत्रित होकर प्रधानमंत्री से बात करने का प्रयास करना चाहिए। मुख्य विपक्षी दल की भुमिका अदा करने की बजाए इनेलो मुख्य सहयोगी दल की भूमिका अदा कर रही है और ये आंदोलन के केवल सरकार का जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए किए जा रहे है।