अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
गांव ईस्सरहेड़ी के एक व्यक्ति को नजफगढ़ स्थित एक बैंक की दीवार में सेंध लगाते हुए मौके से पकड़ा गया है। कर्मचारियों ने पहले उसकी धुनाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने भी आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के निवासी रामकेवल पांडे ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह नजफगढ़ में दिल्ली गेट स्थित इलाहाबाद बैंक के बाहर लगे एटीएम में बतौर सिक्योरिटी गार्ड कार्य करता है। गत 2 जुलाई की देर रात करीब साढ़े 10 बजे वह लघुशंका के लिए सामने स्थित तूड़ा मंडी चला गया। इसी दौरान मौका पाकर एक व्यक्ति एटीएम के कक्ष में प्रवेश कर गया। कुछ देर बाद जब वह वापस आया तो एटीएम के पीछे बने केबिन से अजीब-सी आवाज आ रही थी। आवाज सुनकर वह अंदर गया तो देखा कि एक व्यक्ति छीनी हथोड़े से बैंक की दीवार में चोट मारकर सेंध लगाने का प्रयास कर रहा है और दीवार का कुछ हिस्सा तोड़ चुका है। जिसके बाद शोर मचाया। शोर सुनकर मौके पर भीड़ एकत्र हो गई और उक्त व्यक्ति को दबोचकर धुनाई की। साथ ही पुलिस को सूचना दी।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने स्वयं को रविंद्र वासी ईस्सरहेड़ी (बहादुरगढ़) बताया है। जोकि चोरी की नीयत से बैंक की दीवार तोड़ रहा था। मामले की सूचना पाकर नजफगढ़ थाने से पुलिस ने मौके पर पहुुंच स्थिति का जायजा लिया और आरोपी को गिरफ्तार किया। नजफगढ़ थाना प्रभारी रीना ने बताया कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ चोरी करने के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।