बहादुरगढ़। क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। अब चोर शहर के मॉडल टाउन में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषणों और नकदी पर हाथ साफ कर गए। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
चोरी दीपक गर्ग निवासी मॉडल टाउन के घर पर हुई है। दीपक गर्ग ने बताया कि 24 अक्तूबर को वह परिवार के साथ दिल्ली गए हुए थे। 25 अक्तूबर को वापस आए तो घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। जांच की तो पता चला कि बैड के अंदर से 10 तोले सोना, दो सोने के कड़े, एक सोने की चेन, सोने की कंठी, सोने की अंगूठी, सोने के टॉपस, चांदी का गिलास, चांदी का कटोरा, पाजेब, चांदी के सिक्कों के अलावा 20 हजार रुपये नहीं थे। उन्हें शक है कि रात में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।