बहादुरगढ़। राष्ट्रीय कवि संगम की ओर से बहादुरगढ़ के कवि कृष्ण गोपाल विद्यार्थी समेत विभिन्न राज्यों के 10 रचनाकारों को रविवार को आदर्श नगर में आयोजित कवि व साहित्यकार सम्मान समारोह में सम्मानित किया किया।
आदर्श नगर में कवि सम्मेलन व सम्मान समारोह का आयोजन राष्ट्रीय कवि संगम के संरक्षक रसिक गुप्ता के जन्मदिवस पर किया गया। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मित्तल व दिल्ली-हरियाणा प्रभारी मनमोहन गुप्ता के सान्निध्य में हुए इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता रोशन कंसल ने और मंच संचालन कवि राजेश चेतन ने किया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से संबद्ध 10 कलमवीरों को 10 व्यावसायिक घरानों के सौजन्य से अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न व ग्यारह-ग्यारह हजार रुपये की नकद राशि भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले कवियों में बलजीत कौर तन्हा (ग्वालियर), मनीष मधुकर (पटना), भुवनेश सिंघल (गौतम बुद्ध नगर), नवीन कुमार (कोलकाता), राहुल जैन (ग्रेटर नोएडा), रजनी अवनी, विनोद पाल, हेमंत अग्रवाल और प्रीति त्रिपाठी (दिल्ली) शामिल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत युवा कवयित्री कल्पना शुक्ला की सरस्वती वंदना और संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मित्तल के उद्बोधन से हुई। कार्यक्रम के दौरान मनीष मधुकर, बलजीत कौर व इब्राहिम अल्वी सहित कई वक्ताओं ने कवि रसिक गुप्ता जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।